पिथौरागढ़। उत्तराखंड क्रांति दल के अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष एवं राज्य निर्माण सेनानी दिनेश गुरु रानी ने अस्कोट संघर्ष समिति की 13 सूत्रीय मांगों को समर्थन दिया। उन्होंने अस्कोट के प्रसिद्ध मल्लिकार्जुन मंदिर परिसर में पौधारोपण अभियान के 848वें दिन मंदिर के पंडित प्रकाश पंत के नेतृत्व में रुद्राक्ष का पौधा रोपित किया।
इसके बाद दिनेश गुरु रानी अस्कोट संघर्ष समिति के बैनर तले चल रहे धरना स्थल पर पहुंचे और आंदोलन को समर्थन दिया। उन्होंने 13 सूत्रीय मांगों को लेकर उप जिलाधिकारी डीडीहाट खुशबू पांडे से वार्ता की। एसडीएम ने प्रशासन स्तर की समस्याओं का शीघ्र निस्तारण करने का आश्वासन दिया।
दिनेश गुरु रानी ने बताया कि मांगों के संबंध में उन्होंने उप जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को पत्र भी प्रेषित किया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र मांगों का समाधान नहीं किया गया तो उत्तराखंड क्रांति दल भी संघर्ष समिति के समर्थन में आंदोलन करेगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
इस दौरान यूकेडी के गोविंद रावत, विक्रम सिंह पाल, संघर्ष समिति अध्यक्ष तरुण पाल, कपिल, बंटी पाल, नवीन उपाध्याय, कैलाश पाल, मनोज लूंठी, डॉ. खगेंद्र जोशी, हरीश पाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



