पिथौरागढ़। जौलजीबी में बुधवार को सशस्त्र सीमा बल एसएसबी, वन विभाग, विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय नागरिकों की ओर से संयुक्त स्वच्छ भारत अभियान चलाया गया। अभियान के तहत काली नदी के तट, मेला ग्राउंड और आसपास के सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक सफाई अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
55वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल पिथौरागढ़ के कमांडेंट महेंद्र प्रताप के दिशानिर्देशन में जी समवाय जौलजीबी की ओर से उप निरीक्षक रोशन दास के नेतृत्व में पांच जवानों ने अभियान में सहभागिता की। वहीं वन विभाग की ओर से वन क्षेत्राधिकारी पूरन सिंह देऊपा सहित अन्य वनकर्मी भी मौजूद रहे।
अभियान में सामाजिक कार्यकर्ताओं, पूर्व ग्राम प्रधान कमला चंद, प्राथमिक विद्यालय जौलजीबी की प्रधानाचार्य शबाना अहमद, शिक्षकों और 34 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान काली नदी के तट एवं मेला मैदान से प्लास्टिक, पॉलीथिन और अन्य कचरा एकत्र कर उचित निस्तारण की व्यवस्था की गई।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय लोगों को स्वच्छता, जल स्रोतों को प्रदूषण मुक्त रखने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के महत्व की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे प्रत्येक नागरिक को अपनी दैनिक आदतों में शामिल करना होगा।
अभियान के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने और स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में ऐसे अभियानों में सहयोग देने की बात कही।



