पिथौरागढ़। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, पिथौरागढ़ में 28वीं युवा संसद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 54 विद्यार्थियों ने पक्ष-विपक्ष के सांसदों, मंत्रियों और लोकसभा अध्यक्ष की भूमिका निभाकर संसद की कार्यवाही का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पिथौरागढ़ विधायक मयूख महर और विशिष्ट अतिथि कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश पंत मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय के प्राचार्य अमित उप्रेती के मार्गदर्शन और वरिष्ठ शिक्षक अनूप कुमार गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी संसदीय समझ, तार्किक क्षमता और वाकपटुता का परिचय दिया।
युवा संसद के दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा, सीमांत क्षेत्रों में सड़क एवं संचार सुविधाओं और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दों पर चर्चा हुई। प्रश्नकाल, शून्यकाल, ध्यानाकर्षण प्रस्ताव और विधेयक पर मतदान की प्रक्रिया को विद्यार्थियों ने वास्तविक संसद की तर्ज पर प्रस्तुत किया।
मुख्य अतिथि विधायक मयूख महर ने विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और संसदीय मर्यादा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में नेतृत्व क्षमता, तार्किक चिंतन और राष्ट्र निर्माण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में जवाहर नवोदय विद्यालय बागेश्वर के प्राचार्य और सेवानिवृत्त प्राचार्य एवं समाजसेवी मोहन चंद्र पाठक शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन अमित मिश्रा और बिपिन कुमार ने संयुक्त रूप से किया।
समापन अवसर पर प्राचार्य अमित उप्रेती ने सभी अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।



