पिथौरागढ़, 4 नवंबर 2026। सीमांत क्षेत्र के पशुपालकों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से 55वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल एसएसबी पिथौरागढ़ की ओर से वाइब्रेंट गांव तड़ेमिया में निःशुल्क पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 194 पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया, जबकि 26 पशुपालक लाभान्वित हुए।
कमांडेंट महेंद्र प्रताप के दिशा-निर्देशन में आयोजित शिविर में क्षेत्रक मुख्यालय अल्मोड़ा की द्वितीय कमान अधिकारी पशुचिकित्सा डॉ. पूजा फर्सवान ने पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार किया। इस दौरान पशुपालकों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।
शिविर में पशुपालकों को पशुओं के उचित रखरखाव, पौष्टिक आहार, स्वच्छता, समय पर टीकाकरण और विभिन्न बीमारियों से बचाव के संबंध में जानकारी दी गई।
एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि सीमांत क्षेत्रों में ग्रामीणों को आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने और उनके साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से इस तरह के जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। ग्रामीणों ने एसएसबी की इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित करने की मांग की।



