पिथौरागढ़– उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 55वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल SSB, पिथौरागढ़ एवं जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य जवानों को योग, आयुर्वेद और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा।
कमांडेंट महेंद्र प्रताप के दिशानिर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी चंद्रकला भैसोड़ा के नेतृत्व में विशेषज्ञों की टीम ने प्रतिभाग किया। वाहिनी की ओर से कार्यक्रम का समन्वय त्रिभुवन प्रसाद ने किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान धन्वंतरि के पूजन, दीप प्रज्वलन एवं प्रार्थना के साथ हुआ। इसके बाद सामूहिक योगाभ्यास कराया गया। इस दौरान अधिकारियों और जवानों ने ताड़ासन, वज्रासन, भुजंगासन एवं त्रिकोणासन सहित विभिन्न योगासनों और प्राणायाम का अभ्यास किया।
योग विशेषज्ञों ने ध्यान के माध्यम से मानसिक तनाव प्रबंधन, एकाग्रता और मानसिक शांति बनाए रखने के उपाय बताए। वहीं आयुर्वेद विशेषज्ञों ने संतुलित आहार, दैनिक दिनचर्या, ऋतु के अनुसार स्वास्थ्य संरक्षण, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने तथा जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों की रोकथाम की जानकारी दी।
विशेषज्ञों ने नियमित योगाभ्यास और संतुलित जीवनशैली अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि इससे शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक संतुलन और कार्यक्षमता को भी बेहतर बनाने में मदद मिलती है।
शिविर के अंत में प्रतिभागियों ने योग एवं आयुर्वेद को दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। एसएसबी अधिकारियों के अनुसार, इस तरह के कार्यक्रम जवानों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के साथ स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।



