पिथौरागढ़। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 7 सितंबर 2026 को पिथौरागढ़ सहित उत्तराखंड के कई जनपदों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तेज से अति तेज दौर की संभावना जताई गई है। पिथौरागढ़ में 7 सितंबर को आकाशीय बिजली/गरज के साथ बारिश की चेतावनी भी दर्ज है।
विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष आशीष कुमार भटगांई ने 7 सितंबर, सोमवार को पिथौरागढ़ जनपद में कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों तथा समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी पिथौरागढ़ तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग को सभी संबंधित शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
