पिथौरागढ़। ग्राम पंचायत गणकोट में ग्राम प्रधान सुनीता की अध्यक्षता में खुली बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्राम पंचायत क्षेत्र में अवैध रूप से शराब की बिक्री की मिल रही शिकायतों पर विस्तार से चर्चा की गई। बड़ी संख्या में ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं ने बैठक में भाग लेकर गांव में नशामुक्त वातावरण बनाए रखने और अवैध शराब की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की।
बैठक के दौरान पूर्व ग्राम प्रधान नीरज कुमार गनकोटिया के सहयोग से महिला मंगल दल का गठन किया गया। महिलाओं ने एक स्वर में कहा कि यदि ग्राम पंचायत क्षेत्र में कोई भी व्यक्ति अवैध शराब की बिक्री करते हुए पाया जाता है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस एवं आबकारी विभाग को दी जाएगी, ताकि संबंधित अधिकारियों द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।
विस्तृत चर्चा के उपरांत ग्राम सभा ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित करते हुए निर्णय लिया कि उक्त प्रस्ताव की प्रमाणित प्रति जिला आबकारी अधिकारी, संबंधित थाना, उपजिलाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को भेजी जाएगी। साथ ही पुलिस एवं आबकारी विभाग से अनुरोध किया जाएगा कि ग्राम पंचायत क्षेत्र में समय-समय पर संयुक्त निरीक्षण एवं चेकिंग अभियान चलाकर अवैध शराब की बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि ग्राम पंचायत क्षेत्र को नशामुक्त बनाने के लिए जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा तथा ग्रामीणों से अपील की जाएगी कि वे किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित विभागों को दें। ग्रामवासियों ने स्पष्ट किया कि गांव में अवैध शराब के कारोबार को किसी भी स्थिति में बढ़ावा नहीं दिया जाएगा तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का पूर्ण सहयोग किया जाएगा।
बैठक में ग्राम पंचायत अधिकारी पूजा बसेड़ा, ग्राम विकास अधिकारी सतीश गिरी, पूर्व ग्राम प्रधान नीरज कुमार गनकोटिया, क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधि विजय कुमार सहित बड़ी संख्या में महिला मंगल दल की सदस्याएं एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।