पिथौरागढ़- पुलिस मीडिया सैल से प्राप्त सूचना के अनुसार दिनांक 14 नवम्बर 2026 को मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड सरकार पुष्कर सिंह धामी द्वारा जौलजीबी मेले का उद्घाटन करने के उपरान्त स्थानीय जनता को सम्बोधित किया गया। पुलिस का कहना है कार्यक्रम समाप्ती के पश्चात मेला समिति अध्यक्ष एवं धारचूला विधायक हरीश सिंह धामी तथा उनके समर्थकों राम सिंह रोकया, सौरभ मर्तोलिया, नृप सिंह, मनोहर टोलिया, विक्रम दानू व अन्य व्यक्तियों द्वारा अशोभनीय भाषा का प्रयोग करते हुए नारेबाजी की गई।
आरोप है कि इस दौरान अभद्र भाषा का प्रयोग करने के साथ ही तोड़फोड़ की गई। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों द्वारा संबंधित व्यक्तियों को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन उनके द्वारा पुलिस कर्मियों के साथ तथा अन्य व्यक्तियों के साथ धक्का-मुक्की कर सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की गई।
उक्त प्रकरण में कोतवाली जौलजीबी पुलिस द्वारा हरीश सिंह धामी सहित 06 नामजद एवं अन्य व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 121(1), 132, 191(2), 324(3) एवं 352 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत कर जांच एवं विवेचनात्मक कार्यवाही प्रारम्भ कर दी गई है।
पिथौरागढ़ पुलिस द्वारा प्रकरण में निष्पक्ष जांच करते हुए साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम आवश्यक वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।



