पिथौरागढ़। शहर में स्थित अम्बेडकर पार्क और पुस्तकालय की जर्जर हालत को लेकर बहुजन समाज पार्टी जिलाध्यक्ष राजेश कुमार बबलू के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं द्वारा नगर निगम मेयर से मुलाकात की गई। इस संबंध में नगर निगम की मेयर से पार्क और पुस्तकालय की स्थिति सुधारने तथा इनके पुनर्निर्माण के लिए आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया गया है।
प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि पिथौरागढ़ शहर में डॉ. भीमराव अम्बेडकर के नाम पर एक छोटा सा पार्क और एक कमरे का पुस्तकालय संचालित है। वर्तमान में दोनों की हालत जीर्ण-शीर्ण बनी हुई है। यहां विद्यार्थी अध्ययन के लिए आते हैं, लेकिन खराब स्थिति के कारण उन्हें असुविधाओं का सामना करना पड़ता है।
प्रार्थना पत्र में उल्लेख किया गया है कि भारत के संविधान के निर्माण में डॉ. भीमराव अम्बेडकर का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने संविधान के माध्यम से देश में सामाजिक न्याय, समानता और नागरिक अधिकारों को मजबूत आधार प्रदान किया। ऐसे महान व्यक्तित्व के नाम पर बने पार्क और पुस्तकालय की बदहाल स्थिति चिंताजनक है।
इसमें नगर निगम की मेयर से मांग की गई है कि अम्बेडकर पार्क और पुस्तकालय का पुनर्निर्माण कराया जाए, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन सुविधा मिल सके और पार्क को भी व्यवस्थित रूप दिया जा सके। अब देखना होगा कि नगर निगम प्रशासन इस मांग पर कब तक कार्रवाई करता है और शहर के विद्यार्थियों को बेहतर पुस्तकालय सुविधा उपलब्ध हो पाती है। ज्ञापन देने में जिलाध्यक्ष सहित कार्यकर्ता मौजूद रहे।



