पुलिस मीडिया सैल से प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद पिथौरागढ़ पुलिस द्वारा हत्या एवं हत्या के प्रयास जैसे गंभीर अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना थल पुलिस को हत्या के प्रयास के प्रकरण में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है।
दिनांक 25.08.2026 को वादी बालम सिंह निवासी ग्राम कुसैल, पो0 रसेपाटा, थाना थल, पिथौरागढ़ पर उसके ही गांव के बलवन्त सिंह द्वारा जान से मारने की नीयत से धारदार हथियार से सिर पर हमला किया गया। वादी द्वारा बचाव के दौरान उसके हाथ पर भी चोट लगी।
प्रकरण में पीड़ित की तहरीर के आधार पर दिनांक 19.09.2026 को थाना थल में धारा 109/351(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था। अभियोग में वांछित अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु थाना थल पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे थे।
पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ के निर्देशन एवं थानाध्यक्ष थल श्री गणेश दत्त भट्ट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त बलवन्त सिंह निवासी ग्राम उसैल, थाना थल, पिथौरागढ़ को हल्द्वानी से गिरफ्तार कर लिया।
अभियुक्त की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त धारदार हथियार (बढ़ियाठ) भी बरामद किया गया, जिसे अभियुक्त द्वारा अपने घर में छिपाकर रखा गया था।
गिरफ्तार अभियुक्त को नियमानुसार माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किए जाने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष गणेश दत्त भट्ट, थाना थल,अ0उ0नि0 विनोद भट्टअ0उ0नि0 सन्तोष रोडियाल,हे0का0 शंकर देवड़ी,हे0का0 राजेश कुमार,का0 कमल किशन,का0 नवीन राणा शामिल रहे।