पिथौरागढ़

जिला टेलीकॉम समिति की बैठक में नेटवर्क व्यवस्था में सुधार के लिए डीएम ने दिए कड़े निर्देश।

पिथौरागढ़: जनपद में आमजन को बेहतर एवं गुणवत्तापरक संचार सुविधाएं उपलब्ध कराना सभी दूरसंचार सेवा प्रदाता कंपनियों की जिम्मेदारी है। नेटवर्क व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी कंपनियां अपनी नेटवर्क सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाते हुए उपभोक्ताओं को निर्बाध संचार सुविधा उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। यह निर्देश जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला टेलीकॉम समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिए।

बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं सेवा प्रदाता कंपनियों के प्रतिनिधियों को नेटवर्क संबंधी समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीमांत जनपद पिथौरागढ़ भौगोलिक एवं सामरिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। जनपद की अंतरराष्ट्रीय सीमाओं को देखते हुए बेहतर संचार व्यवस्था का होना बेहद आवश्यक है। विशेषकर आपदा जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में नेटवर्क कनेक्टिविटी की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। नेटवर्क बाधित होने से राहत एवं बचाव कार्यों सहित अन्य आवश्यक सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।

यह भी पढ़ें 👉  रास्ता बंद करने से भड़के ग्रामीणों ने जिला मुख्यालय पहुँच कर किया प्रर्दशन

जिलाधिकारी ने बीएसएनएल, जिओ, एयरटेल, वीआई सहित सभी दूरसंचार सेवा प्रदाता कंपनियों के प्रतिनिधियों को आपसी समन्वय स्थापित कर नेटवर्क व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद के दूरस्थ एवं सीमांत क्षेत्रों में भी लोगों को बेहतर नेटवर्क सुविधा उपलब्ध कराई जाए। नेटवर्क की नियमित मॉनिटरिंग एवं गुणवत्ता परीक्षण करते हुए सामने आने वाली समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन को बेहतर संचार सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें 👉  डेढ़ करोड़ से अधिक की धोखाधड़ी के मामले में आरोपी महिला को पिथौरागढ़ पुलिस ने राजस्थान से किया गिरफ्तार

बैठक में जिलाधिकारी ने बीएसएनएल के माध्यम से जनपद में स्थापित किए जा रहे मोबाइल टावरों की प्रगति की भी समीक्षा की। इस दौरान बीएसएनएल के उपखंड अधिकारी ने अवगत कराया कि जनपद में कुल 95 टावर स्थापित किए जाने का कार्य प्रस्तावित है, जिनमें से अब तक 64 टावर स्थापित कर संचालित किए जा चुके हैं। जिलाधिकारी ने शेष टावरों की स्थापना एवं उनमें संचार सेवाएं शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए, ताकि जनपद के नेटवर्क विहीन एवं कमजोर नेटवर्क वाले क्षेत्रों में भी बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराई जा सके।

यह भी पढ़ें 👉  03 अलग-अलग मन्दिरों में हुई चोरी का कोतवाली पिथौरागढ़ पुलिस ने 24 घण्टे के अन्दर किया खुलासा, चोरी करने वाले 02 नाबालिगों को संरक्षण में लेते हुए चोरी किया हुआ सामान किया बरामद

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रवीण कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

To Top