हल्द्वानी। पिथौरागढ़ की मासूम कशिश के चर्चित दुष्कर्म एवं हत्याकांड में करीब 12 साल बाद भी न्याय की आस लगाए बैठे पिता महेश चंद ने अब सरकार के खिलाफ आंदोलन का ऐलान किया है। हल्द्वानी में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने 20 नवंबर से जन आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी।
महेश चंद ने आरोप लगाया कि सरकार की ओर से सुप्रीम कोर्ट में पुनर्विचार याचिका दाखिल करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक इस संबंध में कोई ठोस कार्रवाई की जानकारी परिवार को नहीं दी गई है। पत्रकार वार्ता के दौरान बेटी को न्याय दिलाने की मांग करते हुए महेश चंद भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े।
उन्होंने कहा कि बेटी को न्याय दिलाना ही उनके जीवन का उद्देश्य है और इसके लिए वह आखिरी दम तक संघर्ष करते रहेंगे। गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने साक्ष्यों के अभाव में मामले के मुख्य आरोपी को बरी कर दिया था।
इसके बाद से ही पीड़ित परिवार लगातार न्याय की मांग कर रहा है। अब पिता ने सरकार से सुप्रीम कोर्ट में पुनर्विचार याचिका दाखिल करने की मांग दोहराते हुए आंदोलन का ऐलान किया है।पत्रकार वार्ता में पहाड़ी आर्मी के अध्यक्ष हरीश रावत भी मौजूद रहे। उन्होंने भी पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग उठाई।



