आगामी 01 जून 2026 से प्रस्तावित भारत-चीन अंतर्राष्ट्रीय सीमा व्यापार को सुचारु एवं व्यवस्थित रूप से संचालित किए जाने हेतु जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक जिला कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में सीमा व्यापार से संबंधित विभिन्न विभागों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में मोटर मार्ग एवं पैदल मार्गों की वर्तमान स्थिति, गुंजी में अस्थायी ट्रेड कार्यालय की स्थापना, सुरक्षा व्यवस्था, संचार सुविधा, परिवहन व्यवस्था, चिकित्सा सेवाओं तथा व्यापारियों हेतु मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि सीमा व्यापार प्रारंभ होने से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली जाएं, ताकि व्यापारियों एवं यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बैठक में गुंजी स्थित भारतीय स्टेट बैंक में आवश्यक बैंकिंग व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने, कस्टम चौकी एवं आवश्यक स्टाफ की नियुक्ति, हुट्स की स्थिति तथा व्यापारियों के लिए शौचालय व्यवस्था को प्राथमिकता से व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पुलिस एवं आईटीबीपी के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए जाने पर भी चर्चा हुई।
बैठक में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह ने अवगत कराया कि शासन स्तर से उत्तराखण्ड अंतर्राष्ट्रीय व्यापार एवं पर्यटन कार्यालय, धारचूला/गुंजी हेतु अस्थायी व्यापार कार्यालय एवं कस्टम्स कार्यालय स्थापित किया जाना प्रस्तावित है तथा सृजित पदों के सापेक्ष नियमित नियुक्तियां की जानी हैं।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा बॉर्डर ट्रेड पास हेतु विदेश मंत्रालय को मांग प्रेषित की जा चुकी है तथा बजट आवंटन के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। इस दौरान जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी धारचूला आशीष जोशी को व्यापारियों से आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि भारत-चीन सीमा व्यापार सीमांत क्षेत्र की अर्थव्यवस्था, रोजगार एवं पारंपरिक व्यापारिक गतिविधियों के दृष्टिगत अत्यंत महत्वपूर्ण है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए समयबद्ध तरीके से व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। उन्होंने अस्थायी ट्रेड कार्यालय, कस्टम ऑफिस, चिकित्सा सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को शीघ्र पूर्ण करने के सख्त निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।
इसके अंतर्गत उपजिलाधिकारी धारचूला को वैकल्पिक व्यवस्था होने तक उनके वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ अंतर्राष्ट्रीय व्यापार अधिकारी का कार्यभार सौंपा गया है। अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग अस्कोट, पशु चिकित्साधिकारी धारचूला तथा प्रबंधक टीआरसी, कुमाऊँ मंडल विकास निगम गुंजी को पदेन सहायक व्यापार अधिकारी के रूप में अतिरिक्त दायित्व दिए गए हैं।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष सिंह नबियाल, उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. योगेश शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
ओ