अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन MTB चैलेंज-2026 शुक्रवार को जनपद पिथौरागढ़ पहुंची। ऐंचोली में साइकिल रेस के प्रतिभागियों का स्थानीय लोगों, स्कूली बच्चों एवं महिलाओं द्वारा पुष्पवर्षा कर उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी आशीष भटगांई एवं महापौर कल्पना देवलाल ने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
मुक्तेश्वर से पिथौरागढ़ तक लगभग 133 किलोमीटर की चुनौतीपूर्ण साइकिल यात्रा में प्रथम (सेवांग नोरबू, लद्दाख), द्वितीय (शिवेन, हरियाणा) एवं तृतीय (खुशिमान घरती, हिमाचल प्रदेश) स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को जिलाधिकारी ने सम्मानित किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के साहस, उत्साह एवं दृढ़ संकल्प की सराहना करते हुए कहा कि हिमालयी क्षेत्रों में इस प्रकार के साहसिक खेल आयोजनों से उत्तराखंड के पर्यटन को नई पहचान मिलती है। ऐसे आयोजन प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन की संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रचारित करने का सशक्त माध्यम हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। इस प्रकार के आयोजन न केवल युवाओं को साहसिक खेलों के प्रति प्रेरित करते हैं, बल्कि स्थानीय पर्यटन गतिविधियों, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा देते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को आगामी यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में उपस्थित उप निदेशक पर्यटन अतुल भंडारी ने बताया कि अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन MTB चैलेंज-2026 का शुभारंभ 20 नवंबर को मुक्तेश्वर से हुआ है। यह साइकिल रेस प्रदेश के पर्वतीय जनपदों से होकर लगभग 658 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए 26 नवंबर को मसूरी में संपन्न होगी।
पिथौरागढ़ में रात्रि प्रवास के उपरांत कल दिनांक 21 नवंबर को प्रातः 7 बजे देव सिंह मैदान से साइकिल रेस के प्रतिभागी अगले पड़ाव बागेश्वर के लिए रवाना होंगे।



