पीएम श्री सरस्वती देव सिंह राजकीय इंटर कॉलेज, पिथौरागढ़ विकासखंड विण में आज किशन चन्द शिक्षा सहायता एवं अन्य छात्रवृत्ति वितरण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्री जितेंद्र प्रसाद एवं जिलाधिकारी श्री आशीष कुमार भटगांई ने विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों को विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं के अंतर्गत चेक वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य बहादुर सिंह बिष्ट ने किशन चन्द शिक्षा सहायता ट्रस्ट के उद्देश्यों एवं छात्रवृत्ति वितरण की व्यवस्था के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि ट्रस्ट में विगत वर्ष वितरित की गई छात्रवृत्ति एवं क्रीड़ा सामग्री पर हुए व्यय के उपरांत 1 लाख 84 हजार रुपये की मूल धनराशि सावधि जमा (एफडी) के रूप में सुरक्षित है। ट्रस्ट में निर्धारित प्रावधानों के अनुसार उक्त धनराशि से प्राप्त ब्याज के माध्यम से कक्षा 6 से 12 तक अध्ययनरत उत्तराखंड मूल के मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है।
किशन चन्द शिक्षा सहायता ट्रस्ट के अंतर्गत कक्षा 6 के शिवानी कोहली एवं गौरव सिंह, कक्षा 7 की पावनी ज्याला एवं सूरज, कक्षा 8 के राजेन्द्र सिंह एवं तन्मय उपाध्याय, कक्षा 9 के वरुण चन्द एवं ओम गिरी, कक्षा 10 के जीवन सिंह एवं विवेक सिंह, कक्षा 11 के मुकेश जोशी एवं निखिल चतुर्वेदी तथा कक्षा 12 के अरुण सिंह सीमाल एवं नेहा को छात्रवृत्ति प्रदान की गई। ट्रस्ट के निर्धारित प्रावधानों के तहत कक्षा 6, 7, 8, 9 एवं 11 के विद्यार्थियों को 500-500 रुपये तथा कक्षा 10 एवं 12 के विद्यार्थियों को 1,000-1,000 रुपये की छात्रवृत्ति चेक के माध्यम से वितरित की गई। इस प्रकार इस ट्रस्ट के अंतर्गत कुल 14 विद्यार्थियों को 9,000 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई।
इसके अतिरिक्त विद्यालय में संचालित विभिन्न स्मृति छात्रवृत्ति योजनाओं के अंतर्गत भी मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति वितरित की गई।
इनमें स्वर्गीय भागीरथी/रामदत्त स्मृति छात्रवृत्ति के अंतर्गत खुशी कोहली, अश्मि, विनीता एवं रागिनी धामी को 500-500 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई।
स्वर्गीय अर्जुन सिंह भंडारी स्मृति छात्रवृत्ति के अंतर्गत गौरव सिंह, अर्णव, सुजल कुमार, गिरिजा शंकर, गौरव मेहता, मो० हुसैन सानी, सौरभ सिंह, दीपक सिंह धामी, सचिन प्रसाद एवं अंश ज्याला को 500-500 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई।
इसी प्रकार स्वर्गीय त्रिलोकी देवी/धर्मानन्द पुनेठा स्मृति छात्रवृत्ति के अंतर्गत पूजा खरवार, धीरज सिंह एवं निखिल सिंह को तथा डॉ. अरुण कुमार पुनेठा छात्रवृत्ति के अंतर्गत अमन कुमार, लंकेश्वर राम एवं सचिन सिंह को 500-500 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई।
उक्त चारों स्मृति छात्रवृत्ति योजनाओं के अंतर्गत कुल 20 विद्यार्थियों को 10,000 रुपये की छात्रवृत्ति वितरित की गई। इस प्रकार किशन चन्द शिक्षा सहायता ट्रस्ट एवं अन्य चार स्मृति छात्रवृत्ति योजनाओं के माध्यम से कुल 34 छात्रवृत्ति वितरण प्रविष्टियों के अंतर्गत 19,000 रुपये की धनराशि वितरित की गई।
इस दौरान ट्रस्ट के प्रस्तावों के संबंध में जानकारी देते हुए बताया गया कि छात्रवृत्ति वितरण के उपरांत शेष धनराशि का उपयोग विद्यालय में क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से संबंधित सामग्री क्रय करने में किया जाएगा। साथ ही 1 लाख 84 हजार रुपये की मूल धनराशि को पुनः सावधि जमा (एफडी) में निवेशित किया जाएगा, ताकि भविष्य में भी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ मिलता रहे।
जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद एवं जिलाधिकारी श्री आशीष कुमार भटगांई ने छात्रवृत्ति प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा जीवन में सफलता एवं उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए निरंतर मेहनत एवं लगन के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की छात्रवृत्ति योजनाएं मेधावी विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाने के साथ ही उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित करती हैं।
समारोह में मुख्य शिक्षा अधिकारी हिमांशु नौगाई विद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी, ट्रस्ट से जुड़े पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।



