पिथौरागढ़

अस्पताल में अपॉइंटमेंट हेतु रजिस्ट्रेशन कराने के नाम पर 01 लाख से अधिक की ठगी करने वाले साइबर ठग को पिथौरागढ़ पुलिस ने राँची (झारखण्ड) से किया गिरफ्तार

पुलिस मीडिया सैल से प्राप्त सूचना के अनुसार दिनाँक- 27.05.2023 को शिकायतकर्ता नन्द किशोर भट्ट, निवासी ग्राम काँटे पो0 तोली गुरना जिला पिथौरागढ़ द्वारा कोतवाली पिथौरागढ़ में तहरीर दी गई थी कि उनके पुत्र द्वारा दिनांक- 14.04.2023 को गुड़गाँव के मेदांता अस्पताल में अपनी पत्नी के इलाज हेतु अपॉइंटमेंट लेने के लिए गूगल से मेदांता अस्पताल का नम्बर सर्च किया गया। सर्च किये गए मोबाइल नम्बर पर सम्पर्क करने पर उसके द्वारा स्वयं को मेदांता अस्पताल का कर्मचारी बताया गया तथा अपॉइंटमेंट हेतु रजिस्ट्रेशन के लिए मैसेज के माध्यम से एक लिंक भेजा गया, जिसमें 10 रु0 रजिस्ट्रेशन चार्ज अदा करने को कहा गया। 

उक्त लिंक पर क्लिक करने पर मोबाइल पर ANY DESK APP इंस्टाल हो गया, जिसके माध्यम से प्रार्थी के पुत्र द्वारा 10 रु0 का पेमेन्ट जमा किया गया। बाद में प्रार्थी को ज्ञात हुआ कि उनके खाते से कुल- 1,29,596/- रु0 ( एक लाख उन्तीस हजार पाँच सौ छियानवे रुपये) निकाल लिये गए हैं। शिकायतकर्ता की तहरीर के आधार पर कोतवाली पिथौरागढ़ में अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध धारा- 420 IPC के अन्तर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।

पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़, लोकेश्वर सिंह के आदेशानुसार, उक्त अभियोग में अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु टीम गठित की गई। जिस पर उ0नि0 दिनेश चन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा साइबर सैल की मदद से गहन पतारसी- सुरागरसी करते हुए विवेचना के दौरान प्रकाश में आये अभियुक्त गुलाम अंसारी पुत्र मतिउल्ला अंसारी, निवासी- ग्राम बाड़ू बरहु, थाना पिठौरिया राँची, झारखण्ड उम्र- 25 वर्ष को दिनांक- 19.07.2023 को दबिश देकर राँची से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त को पिथौरागढ़ लाकर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की गई। 

जनपद पिथौरागढ़ पुलिस की आम जनता से अपील है कि गूगल से कोई भी हेल्पलाइन नम्बर सर्च करने के पश्चात उसकी पूर्णत: पुष्टी कर लें और किसी भी अंजान लिंक पर क्लिक न करें, अन्यथा आप साइबर ठगी का शिकार हो सकते हैं। 

पुलिस टीम में उ0नि0 दिनेश चन्द्र सिंह, चौकी प्रभारी चण्डाक, हेड का0 भूपेन्द्र रावत- एस0ओ0जी0, हेड का0 छत्तर सिंह, साइबर सैल टीम में उ0नि0 मनोज पाण्डेय, का0 विपिन ओली, का0 मनोज कुमार शामिल रहे।

To Top