पिथौरागढ़: जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने बीएसएनएल नेटवर्क में आ रही परेशानी को देखते हुए बीएसएनएल के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जनपद पिथौरागढ़ में दूरसंचार नेटवर्क से संबंधित सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि नेटवर्क बाधित होने से आम जनता, विद्यार्थियों, व्यापारियों तथा विभिन्न सरकारी सेवाओं के संचालन में कठिनाइयाँ उत्पन्न हो रही हैं, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
जिलाधिकारी ने बीएसएनएल विभाग को एक सप्ताह के भीतर नेटवर्क व्यवस्था में प्रभावी सुधार करने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं। उन्होंने सख़्त निर्देश दिए हैं कि निर्धारित समयावधि में स्थिति में अपेक्षित सुधार न होने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही विभाग को नेटवर्क कवरेज, कॉल ड्रॉप एवं इंटरनेट सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार हेतु तत्काल कार्ययोजना बनाकर उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा गया है।