पिथौरागढ़। उत्तराखंड अनुसूचित जाति-जनजाति शिक्षक एसोसिएशन कुमाऊं मंडल का त्रिवार्षिक शैक्षिक उन्नयन संगोष्ठी एवं अधिवेशन 25 और 26 नवंबर 2026 को हल्द्वानी में आयोजित होगा। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया अधिवेशन में प्रतिभाग करने के लिए मुख्य शिक्षा अधिकारी पिथौरागढ़ ने एसोसिएशन के सदस्य शिक्षकों के लिए दो दिन का विशेष अवकाश स्वीकृत किया है। अपर निदेशक कुमाऊं मंडल के निर्देशों के क्रम में जारी इस निर्णय से जनपद के विभिन्न ब्लॉकों के सैकड़ों शिक्षक अधिवेशन में प्रतिभाग करेंगे।
एसोसिएशन के प्रचार सचिव गोविंद राम आर्य ने बताया कि अधिवेशन की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। इसमें कुमाऊं मंडल के शिक्षक शैक्षिक उन्नयन, शिक्षा व्यवस्था और शिक्षकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
इससे पूर्व एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने पिथौरागढ़ के नवनियुक्त मुख्य शिक्षा अधिकारी हिमांशु नौगाई का स्वागत कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी। इस दौरान मुख्य शिक्षा अधिकारी ने कहा कि जनपद की सरकारी शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के साथ शिक्षकों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण उनकी प्राथमिकता रहेगी।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि हिमांशु नौगाई तेजतर्रार और नवाचार को बढ़ावा देने वाले अधिकारी हैं। उन्हें इसी वर्ष शैक्षिक उन्नयन के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित भी किया जा चुका है। एसोसिएशन ने शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में उन्हें पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
वहीं, एसोसिएशन की धारचूला ब्लॉक इकाई के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने नवनियुक्त खंड शिक्षा अधिकारी भीम सिंह बोरा का फूलमालाओं और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। खंड शिक्षा अधिकारी ने दूरस्थ धारचूला ब्लॉक की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रयास करने की बात कही।
इस अवसर पर प्रांतीय सलाहकार एडवोकेट गिरीश प्रसाद, जिलाध्यक्ष अनिल कुमार, महामंत्री बीआर कोहली, कोषाध्यक्ष प्रकाश मोहन, आय-व्यय निरीक्षक देव लोहिया, प्रचार सचिव गोविंद राम आर्य, देवेंद्र टम्टा सहित धारचूला ब्लॉक अध्यक्ष किशन नबियाल, महामंत्री त्रिलोक सिंह गर्ब्याल, कोषाध्यक्ष जगदीश प्रसाद, उपाध्यक्ष रजनी नपलच्याल, कविता ढकरियाल, पार्वती कुटियाल, पूनम ग्वाल और जसौदा नबियाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।



