मुनस्यारी। साइबर सुरक्षा अभियान 2.0 के तहत कोतवाली मुनस्यारी पुलिस ने राजकीय इंटर कॉलेज मुनस्यारी में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। थानाध्यक्ष मुनस्यारी योगेश कुमार ने छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार की जानकारी दी।
कार्यक्रम में छात्रों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, म्यूल अकाउंट, ओटीपी और बैंकिंग धोखाधड़ी जैसे साइबर अपराधों के बारे में समझाया गया। पुलिस ने बताया कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी या अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचना चाहिए।
छात्रों को साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने तथा NCRP पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।
पुलिस ने छात्रों से साइबर सुरक्षा के संदेश को अपने परिवार और आसपास के लोगों तक पहुंचाने की अपील की। इस दौरान बताया गया कि जागरूक युवा सुरक्षित समाज और साइबर अपराध मुक्त भारत की मजबूत नींव हैं।



