सामुदायिक पुस्तकालय एवं भर्ती पूर्व प्रशिक्षण शिविर के चार विद्यार्थियों का अग्निवीर भर्ती में चयन होने से क्षेत्र में खुशी की लहर है। चयन की सूचना मिलते ही सामुदायिक पुस्तकालय में उत्साह का माहौल बन गया। पुस्तकालय प्रबंधन ने सफल विद्यार्थियों को सम्मानित करने की घोषणा की है।
अग्निवीर भर्ती में चयनित विद्यार्थियों में कमल सिंह पंवार पुत्र मोहन सिंह पंवार निवासी ग्राम समकोट, लोकेश लसपाल पुत्र भोपाल सिंह निवासी साईं पोलू, भूपेंद्र सिंह बर्निया पुत्र गोकर्ण सिंह बर्निया निवासी बर्निया गांव तथा हिमेश सिंह नित्वाल पुत्र आनंद सिंह नित्वाल निवासी सरमोली शामिल हैं। बुधवार को जारी परीक्षा परिणाम में इन चारों युवाओं ने सफलता हासिल की।
सफलता की खबर मिलते ही पुस्तकालय परिसर में खुशी का माहौल देखने को मिला। उल्लेखनीय है कि निर्वतमान जिला पंचायत सदस्य जगत सिंह मर्तोलिया ने अपनी निधि से लगभग पांच लाख रुपये की लागत से सामुदायिक पुस्तकालय के लिए फर्नीचर एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकें उपलब्ध कराई थीं। एक वर्ष पूर्व शुरू हुए इस पुस्तकालय से बीते माह तीन विद्यार्थियों का उत्तराखंड पुलिस में कांस्टेबल पद पर भी चयन हुआ था।
सामुदायिक पुस्तकालय की संचालक संस्था ‘सोसायटी फॉर एक्शन इन हिमालया’ के अध्यक्ष जगत सिंह मर्तोलिया ने कहा कि पुस्तकालय के सकारात्मक परिणाम अब सामने आने लगे हैं। उन्होंने बताया कि पुस्तकालय को शिक्षा एवं स्वरोजगार के नवाचार केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भर्ती पूर्व प्रशिक्षण शिविर का अग्निवीर चयन में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। इस शिविर के आयोजन में भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल दिल्ली के अपर महानिदेशक संजय सिंह गुंज्याल तथा 14वीं वाहिनी भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल जाजरदेवल का विशेष सहयोग मिला।
उन्होंने बताया कि अग्निवीर में चयनित चारों युवाओं को शीघ्र ही सामुदायिक पुस्तकालय में आयोजित सम्मान समारोह में सम्मानित किया जाएगा।