मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के क्रम में आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर आज 28 नवंबर को जनपद पिथौरागढ़ की विभिन्न तहसीलों में अलग-अलग प्रकार की संभावित आपदाओं को लेकर मॉक ड्रिल आयोजित की गई। मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य आपदा की स्थिति में विभिन्न विभागों एवं रेखीय एजेंसियों के बीच समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया, बचाव एवं राहत कार्यों की तैयारियों को परखना तथा आपदा प्रबंधन तंत्र को अधिक प्रभावी बनाना होता है।
जनपद मुख्यालय पिथौरागढ़ में बेस चिकित्सालय में भूकंप की काल्पनिक परिस्थिति तैयार कर मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस दौरान भूकंप के कारण चिकित्सालय भवन में संभावित नुकसान एवं लोगों के फंसे होने की स्थिति को दर्शाते हुए राहत एवं बचाव अभियान का अभ्यास किया गया। सूचना मिलते ही संबंधित विभागों एवं बचाव दलों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर खोज एवं बचाव कार्य किया तथा घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने एवं प्राथमिक उपचार एवं चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई का अभ्यास किया। घायलों को जिला अस्पताल ले जाकर उपचारित किया गया।
मॉक ड्रिल के दौरान अग्निशमन विभाग, एसडीआरएफ, पुलिस विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, आईटीबीपी, एसएसबी, एनसीसी सहित विभिन्न संबंधित विभागों एवं सुरक्षा एजेंसियों ने प्रतिभाग किया। सभी टीमों ने आपसी समन्वय के साथ राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया। पिथौरागढ़ में हुई मॉक ड्रिल के लिए स्टेजिंग एरिया पुलिस लाइन में बनाया गया था, जहां से आवश्यक संसाधनों एवं बचाव दलों का संचालन किया गया।
इसके अतिरिक्त जनपद की अन्य तहसीलों में भी विभिन्न आपदाओं की संभावित परिस्थितियों के आधार पर मॉक अभ्यास किया गया। गंगोलीहाट में वाहन दुर्घटना, मुनस्यारी में हिमपात एवं मार्ग अवरुद्ध होने से वाहन दुर्घटना, डीडीहाट में बादल फटने, धारचूला में भूस्खलन से टनल अवरुद्ध होने एवं कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग पर मार्ग अवरुद्ध होने, बेरीनाग में अतिवृष्टि से भवन क्षतिग्रस्त होने तथा बंगापानी में नदी द्वारा कटाव की काल्पनिक परिस्थितियां बनाकर मॉक ड्रिल आयोजित की गई।
कलेक्ट्रेट स्थित आपदा प्रबंधन प्राधिकरण में आईआरएस (इंसीडेंट रिस्पांस सिस्टम) के सभी अधिकारी उपस्थित रहे एवं समूची मॉकड्रिल के संबंध में समन्वय स्थापित किया गया।
मॉक ड्रिल के माध्यम से आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई, संसाधनों की उपलब्धता, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय तथा जन-धन की सुरक्षा के लिए की जाने वाली व्यवस्थाओं का अभ्यास किया गया।



