पिथौरागढ़: जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने श्रम विभाग के श्रम जन सुविधा केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान केंद्र में उपलब्ध कंप्यूटर सिस्टम की सीमित संख्या के कारण बड़ी संख्या में पहुंच रहे आम नागरिकों को हो रही असुविधा पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की।
केंद्र में श्रमिकों के पंजीकरण एवं श्रम विभाग से संबंधित विभिन्न सेवाओं का लाभ लेने के लिए पहुंच रहे लोगों की भीड़ को देखते हुए जिलाधिकारी ने सहायक श्रमायुक्त को तत्काल तलब कर व्यवस्थाओं में सुधार के लिए कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को अनावश्यक रूप से प्रतीक्षा न करनी पड़े तथा श्रम विभाग की सेवाओं का लाभ सुगमता एवं समयबद्ध तरीके से मिल सके, इसके लिए जन सुविधा केंद्रों की संख्या एवं संसाधनों में वृद्धि की जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि विकास भवन, नगर निगम सहित अन्य उपयुक्त स्थानों पर नए श्रम जन सुविधा केंद्र स्थापित किए जाएं तथा इन केंद्रों में कम से कम 10 अतिरिक्त कंप्यूटर सिस्टम लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि जन सुविधा केंद्रों का विस्तार होने से अधिक से अधिक श्रमिकों को उनके निकट ही विभागीय सेवाओं का लाभ मिल सकेगा तथा वर्तमान में केंद्र पर बढ़ रहे दबाव एवं भीड़ की समस्या का समाधान होगा।
इस दौरान जिलाधिकारी ने केंद्र में उपस्थित आम नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं एवं परेशानियां जानीं। उन्होंने आमजन के समक्ष ही सहायक श्रमायुक्त को आवश्यक व्यवस्थाएं शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्देशित किया कि नए जन सुविधा केंद्रों की स्थापना एवं अतिरिक्त कंप्यूटर सिस्टम उपलब्ध कराने की कार्यवाही प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूर्ण की जाए, ताकि श्रमिकों एवं आमजन को बेहतर, सुलभ एवं त्वरित सेवाएं उपलब्ध हो सकें।



