पिथौरागढ़। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय (जेएनवी) पिथौरागढ़ में 80 यूके बटालियन एनसीसी के दिशा-निर्देशन में 10 दिवसीय एनसीसी संस्थागत प्रशिक्षण शिविर का विधिवत शुभारंभ हुआ। शिविर के पहले दिन कैडेट्स में अनुशासन, देशभक्ति और राष्ट्र सेवा का उत्साह देखने को मिला।
कैडेट्स ने ली अनुशासन और राष्ट्र सेवा की शपथ
शिविर का औपचारिक उद्घाटन विद्यालय के प्राचार्य अमित उप्रेती ने किया। कैडेट्स को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है।

उन्होंने कैडेट्स से एनसीसी के मूलमंत्र “एकता और अनुशासन” को जीवन में अपनाने तथा समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन केयरटेकर ऑफिसर (CTO) जय कुमार वर्मा ने किया। उनके नेतृत्व में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में कैडेट्स ने एनसीसी के नियमों एवं अनुशासन का पालन करने तथा कमान अधिकारी, सीटीओ और पीआई स्टाफ के निर्देशों का निष्ठापूर्वक पालन करने की शपथ ली।

शपथ के बाद कैडेट्स ने जोश और देशभक्ति की भावना के साथ एनसीसी गान प्रस्तुत किया। इससे विद्यालय परिसर का वातावरण राष्ट्रीय चेतना से भर गया।
सैन्य विधाओं का मिलेगा व्यावहारिक प्रशिक्षण
10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में 80 यूके बटालियन एनसीसी के अनुभवी पीआई स्टाफ द्वारा कैडेट्स को विभिन्न सैन्य एवं व्यावहारिक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें ड्रिल, डीएसटी, फील्ड क्राफ्ट, बैटल क्राफ्ट, मैप रीडिंग और वेपन ट्रेनिंग प्रमुख रूप से शामिल हैं।

इसके साथ ही कैडेट्स को समाज सेवा एवं सामुदायिक विकास से जुड़ी गतिविधियों में भी प्रतिभाग कराया जाएगा। एनसीसी के मूलभूत सिद्धांतों, सैन्य इतिहास, राष्ट्रीय एकता और नागरिक शास्त्र से संबंधित सैद्धांतिक कक्षाएं CTO जय कुमार वर्मा द्वारा संचालित की जाएंगी।
“दूसरी रक्षा पंक्ति के रूप में तैयार रहें कैडेट्स”
उद्घाटन सत्र में 80 यूके बटालियन के पीआई स्टाफ सूबेदार हरेंद्र सिंह ने कैडेट्स का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि एनसीसी कैडेट्स देश की “द्वितीय रक्षा पंक्ति” के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की क्षमता रखते हैं।
उन्होंने कैडेट्स से प्रशिक्षण के प्रत्येक सत्र में पूरी एकाग्रता और लगन से भाग लेने का आह्वान किया, ताकि वे भविष्य में राष्ट्रीय सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और आपात परिस्थितियों में जिम्मेदारी निभाने के लिए सक्षम बन सकें।
राष्ट्रगान के साथ पहले दिन का समापन
शिविर के प्रथम दिवस का समापन सामूहिक राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके बाद कैडेट्स के बीच अल्पाहार एवं जलपान वितरित किया गया। आगामी 10 दिनों तक चलने वाले इस प्रशिक्षण शिविर को लेकर कैडेट्स में खासा उत्साह बना हुआ है।