पिथौरागढ़

14 जून को लाखों लोग जुड़ेंगे एक साथ, ऑनलाइन योग सत्र में बनेगा नया विश्व रिकॉर्ड

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (IDY) 2026 के उपलक्ष्य में आयुष मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आगामी 14 जून 2026 को प्रातः 06:15 बजे से 07:35 बजे तक आयोजित किए जाने वाले विशेष ऑनलाइन योग सत्र के माध्यम से गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित करने के प्रयासों को लेकर आज जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में बताया गया कि इस कार्यक्रम के माध्यम से एक साथ सर्वाधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित कर विश्व रिकॉर्ड बनाने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण आयुष मंत्रालय के आधिकारिक यूट्यूब प्लेटफॉर्म पर किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपील की कि वे पंजीकरण कर निर्धारित तिथि एवं समय पर योग सत्र में प्रतिभाग करें। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि अपने अधीनस्थ कार्यालयों एवं फील्ड स्तर पर कार्यरत समस्त कार्मिकों का पंजीकरण भी सुनिश्चित कराया जाए।

यह भी पढ़ें 👉  ब्रेकिंग:पिथौरागढ़ में दर्दनाक सड़क हादसा

बैठक में अपील की गई कि प्रत्येक कार्मिक अपने स्तर पर अधिकाधिक व्यक्तियों का पंजीकरण कराते हुए उन्हें 14 जून को आयोजित ऑनलाइन योग सत्र में भाग लेने के लिए प्रेरित करें, जिससे जनपद की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित की जा सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक, बौद्धिक एवं आध्यात्मिक संतुलन का भी आधार है। उन्होंने सभी विभागों को इस अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ संचालित करने तथा व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें 👉  पूर्व सूचनाधिकारी नारायण सिंह बिष्ट के निधन पर शोक

पंजीकरण एवं प्रतिभागिता की प्रक्रिया

पंजीकरण हेतु:
प्रतिभागियों को टोल-फ्री नंबर 1800-315-7008 पर मिस्ड कॉल देनी होगी।

लिंक प्राप्ति:
मिस्ड कॉल के उपरांत प्रतिभागी के व्हाट्सएप पर पंजीकरण लिंक प्राप्त होगा, जिसके माध्यम से पंजीकरण प्रक्रिया पूर्ण की जा सकेगी।

प्रतिभागिता हेतु महत्वपूर्ण निर्देश:
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड की आधिकारिक गणना में शामिल होने के लिए प्रत्येक प्रतिभागी को 14 जून को अपने व्यक्तिगत मोबाइल, लैपटॉप अथवा अन्य डिजिटल उपकरण से अलग-अलग लॉग-इन कर ऑनलाइन योग सत्र से जुड़ना अनिवार्य होगा। केवल पंजीकृत एवं लॉग-इन किए गए व्यक्तिगत उपकरणों को ही रिकॉर्ड गणना में शामिल किया जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  रॉयल पैन्थर कम्पनी में पैंसे लगाकर अत्यधिक लाभांश देने का प्रलोभन देकर लाखों रुपए की ठगी करने वाले अभियुक्त को कोतवाली पिथौरागढ़ पुलिस ने दिया नोटिस 

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से भी इस ऐतिहासिक पहल में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने तथा योग को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग देने की अपील की।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ0 दीपक सैनी, अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 एस. एस.नबियाल,उप प्रभागीय वनाधिकारी राजकुमार समेत जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का संचालन डॉ0 उषाबृजवासी भट्ट द्वारा किया गया।

To Top