पिथौरागढ़– उत्तराखंड क्रांति दल अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ के कुमाऊं मंडल अध्यक्ष एवं राज्य निर्माण सेनानी दिनेश गुरु रानी ने घोषणा की है कि आगामी 1 जून से कुमाऊं मंडल विकास निगम मुख्यालय नैनीताल में विभिन्न कर्मचारी संगठनों के सहयोग से धरना आंदोलन शुरू किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आंदोलन में संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण, समान कार्य के लिए समान वेतन और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबित देयकों के भुगतान सहित 3 सूत्रीय मांगों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। यह आंदोलन उत्तराखंड क्रांति दल अधिकारी कर्मचारी प्रकोष्ठ, सेवानिवृत्त कर्मचारी संघर्ष समिति कुमाऊं मंडल विकास निगम तथा संयुक्त कर्मचारी महासंघ कुमाऊं-गढ़वाल मंडल विकास निगम के संयुक्त सहयोग से किया जाएगा।
दिनेश गुरु रानी ने आरोप लगाया कि शासनादेश और माननीय उच्च न्यायालय के आदेशों के बावजूद निगम प्रशासन द्वारा अभी तक कर्मचारियों की वरीयता सूची जारी नहीं की गई और न ही नियमितीकरण की प्रक्रिया पूरी की गई है। उन्होंने कहा कि कई कर्मचारी बिना नियमित हुए ही सेवानिवृत्त हो गए, जबकि कुछ कर्मचारियों का निधन भी हो चुका है।
उन्होंने कहा कि 5 मई को मुख्यमंत्री, पर्यटन मंत्री, पर्यटन सचिव और दोनों निगमों के प्रबंध निदेशकों को मांग पत्र भेजा गया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने सरकार से कर्मचारियों के मुद्दों पर जवाबदेही तय करने की मांग की।
दिनेश गुरु रानी ने कहा कि कर्मचारियों का उत्पीड़न किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 3 जुलाई 2024 से उन्होंने आंदोलन के साथ पौधारोपण अभियान भी शुरू किया था, जिसे इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में स्थान मिल चुका है।
गुरु रानी ने कहा कि 1 जून को भी पौधारोपण के साथ धरना आंदोलन की शुरुआत की जाएगी तथा सभी कर्मचारियों से नैनीताल पहुंचने का आह्वान किया।