पिथौरागढ़

बारिश का बहाना नहीं, आंशिक मरम्मत तत्काल करें’ गड्ढों को खुला छोड़ना पड़ेगा भारी, —जिलाधिकारी

जनपद में आमजन की सुरक्षित एवं सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने सड़कों की स्थिति का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) तथा राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) से संबंधित अधिकारियों को जनपद के सभी प्रमुख एवं संपर्क मार्गों को तत्काल गड्ढामुक्त करने के कड़े निर्देश दिए हैं जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सड़क मरम्मत कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि संबंधित मार्गों को समय पर ठीक नहीं किया गया तो जिम्मेदार अधिकारी एवं संबंधित कार्मिक की जवाबदेही तय करते हुए कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से पिथौरागढ़-चंडाक मोटर मार्ग, पिथौरागढ़-मुनाकोट मार्ग, नैनी-सैनी- देवत मोटर मार्ग तथा ऐंचोली-पिथौरागढ़ राजमार्ग सहित अन्य प्रमुख संपर्क मार्गों की स्थिति में तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही राष्ट्रीय राजमार्गों (NH) तथा जनपद के अन्य सभी प्रमुख एवं ग्रामीण मार्गों पर भी गड्ढों और क्षतिग्रस्त हिस्सों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक करने को कहा।

उन्होंने कहा कि यदि किसी भी मार्ग पर गड्ढे हैं और उनके कारण आमजन को आवागमन में परेशानी हो रही है तो संबंधित विभाग तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक मरम्मत कार्य सुनिश्चित करें। किसी भी मार्ग को खराब स्थिति में छोड़ने के बजाय तत्काल समाधान की कार्रवाई की जाए।जिलाधिकारी ने कहा कि वर्षाकाल में लगातार बारिश के कारण सड़कों की स्थायी एवं पूर्ण मरम्मत में व्यावहारिक कठिनाइयां आती हैं, लेकिन इसका यह अर्थ नहीं है कि गड्ढों को खुला छोड़ दिया जाए। 

उन्होंने निर्देश दिए कि जहां तत्काल स्थायी मरम्मत संभव नहीं है, वहां आंशिक मरम्मत, पैचवर्क एवं गड्ढों को भरने का कार्य तत्काल कराया जाए, ताकि वाहनों एवं आम नागरिकों की आवाजाही सुरक्षित एवं सुचारु बनी रहे।जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि जनता मिलन कार्यक्रम सहित जनसुनवाई के दौरान यदि किसी सड़क के गड्ढायुक्त अथवा खराब होने की शिकायत सामने आती है और संबंधित विभाग द्वारा पूर्व में उस पर कार्रवाई नहीं की गई है, तो मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारी/कार्मिक की जिम्मेदारी तय की जाएगी तथा लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की शिकायतों का इंतजार करने के बजाय स्वयं अपने-अपने क्षेत्रों में सड़कों का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने कहा कि पर्वतीय जनपद में सड़कें आमजन के लिए जीवनरेखा हैं। बेहतर सड़क संपर्क से न केवल स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलती है, बल्कि पर्यटन, व्यापार और स्थानीय स्वरोजगार को भी बढ़ावा मिलता है। इसलिए सड़कों की खराब स्थिति को किसी भी स्तर पर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

यह भी पढ़ें 👉  जिलाधिकारी डा.आशीष चौहान ने बुधवार को जिला कार्यालय सभागार में आपदा प्रभावित परिवारों के विस्थापन कार्यो की समीक्षा बैठक

उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्राधिकार में सड़कों का नियमित निरीक्षण करें, क्षतिग्रस्त हिस्सों को चिह्नित करें और प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कार्य कराएं। उन्होंने कहा कि सड़क की गुणवत्ता के साथ-साथ कार्य की समयबद्धता भी सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने कड़े शब्दों में कहा कि निर्देशों के बावजूद यदि किसी मार्ग की स्थिति में सुधार नहीं होता है अथवा जनता मिलन/जनसुनवाई में बार-बार सड़क की खराब स्थिति की शिकायत प्राप्त होती है, तो संबंधित विभागीय अधिकारी की जवाबदेही निर्धारित की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुरक्षा से जुड़े इस महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य जनपदवासियों, वाहन चालकों एवं पर्यटकों को सुरक्षित, सुगम और निर्बाध यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराना है। इसके लिए लोक निर्माण विभाग, PMGSY, राष्ट्रीय राजमार्ग सहित सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें।

To Top