पिथौरागढ़। जनपद में बढ़ती पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने यातायात व्यवस्था की समीक्षा कर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन एवं परिवहन विभाग को निर्देशित किया कि नगर की यातायात व्यवस्था को शीघ्र सुव्यवस्थित किया जाए ताकि स्थानीय नागरिकों और आदि कैलाश यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने कहा कि यात्रा सीजन के दौरान जनपद में बड़ी संख्या में पर्यटक और श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। ऐसे में संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष यातायात प्रबंधन योजना लागू कर यातायात संचालन को सुचारु बनाए रखा जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जाम की स्थिति उत्पन्न होने वाले स्थानों की पहचान कर वहां प्रभावी यातायात प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सड़क किनारे अनियंत्रित पार्किंग, अतिक्रमण और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई भी की जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में आने वाले यात्रियों और पर्यटकों की सुविधा प्रशासन की प्राथमिकता है तथा यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।