पिथौरागढ़। जनपद के वड्डा बाजार क्षेत्र में दो सैनिकों के साथ मारपीट कर उन्हें गंभीर रूप से घायल करने के मामले में थाना जाजरदेवल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 4 जून 2026 को थाना जाजरदेवल क्षेत्र के वड्डा बाजार में दो सैनिकों के साथ कुछ स्थानीय व्यक्तियों द्वारा मारपीट की गई थी, जिसमें सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के संबंध में थाना जाजरदेवल में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष जाजरदेवल मनोज पाण्डेय के नेतृत्व में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने सुरागरसी, पतारसी और साक्ष्य संकलन के आधार पर मामले में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी रविन्द्र थरकोटी, निवासी ग्राम लेलू,जगदीश चन्द्र खड़ायत, निवासी तल्ली रियांसी,कमलेश सिंह, निवासी ग्राम लेलू पुलिस ने तीनों आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया, जहां से उनके खिलाफ आगे की वैधानिक प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस टीम की भूमिका इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक सुप्रिया नेगी, अपर उपनिरीक्षक मनोज कुमार, कांस्टेबल होशियार सिंह तथा हेड कांस्टेबल जरनैल सिंह शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।