पिथौरागढ़

भारी से बहुत भारी वर्षा के रेड अलर्ट के दृष्टिगत जिला प्रशासन हाई अलर्ट पर

पिथौरागढ़: भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा 24 सितंबर 2026 को जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 26 एवं 27 सितंबर को उत्तराखंड के पिथौरागढ़ सहित अन्य जनपदों में भारी से बहुत भारी वर्षा, कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना व्यक्त की गई है। मौसम विभाग द्वारा इस अवधि के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग की चेतावनी के दृष्टिगत अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक तैयारियों एवं सावधानियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को पूरी तत्परता एवं सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें 👉  चारधाम यात्रा के बेहतर प्रबंधन, वनाग्नि को रोकने और पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए- मुख्यमंत्री

अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पर्वतीय क्षेत्रों में प्रतिकूल मौसम के दौरान ट्रेकिंग पर जाने वाले ट्रेकर्स को ट्रेकिंग की अनुमति न दी जाए। साथ ही, भारी वर्षा एवं असामान्य मौसम की चेतावनी के दौरान उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों के आवागमन पर भी आवश्यक नियंत्रण रखा जाए।

उन्होंने कहा कि किसी भी आपदा अथवा दुर्घटना की स्थिति में तत्काल स्थलीय कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान किया जाए। आपदा प्रबंधन आईआरएस प्रणाली के सभी नामित अधिकारी एवं विभागीय नोडल अधिकारी हाई अलर्ट पर रहें। सभी चौकी एवं थाने आपदा संबंधी उपकरणों एवं वायरलेस सेट सहित अलर्ट मोड पर रहेंगे।

अपर जिलाधिकारी ने संबंधित सड़क निर्माण एवं अनुरक्षण एजेंसियों एनएच, लोनिवि, पीएमजीएसवाई, एडीबी, बीआरओ, डब्ल्यूबी, सीपीडब्ल्यूडी आदि को निर्देश दिए कि किसी भी मोटर मार्ग के बाधित होने की स्थिति में उसे तत्काल खोलने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही राजस्व उपनिरीक्षक, ग्राम विकास अधिकारी एवं ग्राम पंचायत अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में उपस्थित रहकर स्थिति पर नजर बनाए रखें।

यह भी पढ़ें 👉  पिथौरागढ़/बागेश्वर कोरोना बुलेटिन 12 जून 2021

उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि अलर्ट अवधि में उनके मोबाइल फोन स्विच ऑफ न रहें। अधिकारियों को अपने वाहनों में बरसाती, छाता, टॉर्च, हेलमेट एवं आवश्यक उपकरण व सामग्री रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि यदि कहीं लोग फंसते हैं तो उनके लिए तत्काल खाद्य सामग्री एवं चिकित्सा सुविधा की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। विद्यार्थियों की सुरक्षा के दृष्टिगत विद्यालयों में भी आवश्यक सावधानी बरती जाए। नगर एवं कस्बाई क्षेत्रों में नालियों तथा कलवर्टों में मौजूद अवरोधों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें 👉  शराब पीकर बुलेट को हेलीकॉप्टर बनाना पड़ गया भारी पुलिस ने हवालात में कर दी लैंडिंग

अपर जिलाधिकारी ने आमजन से भी मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लेते हुए अनावश्यक यात्रा एवं जोखिमपूर्ण क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है।

किसी भी प्रकार की आपदा अथवा दुर्घटना की सूचना तत्काल जिला आपदा नियंत्रण कक्ष, पिथौरागढ़ को निम्न माध्यमों से दी जा सकती है—

मोबाइल नंबर: 8449305857, 8218857220
दूरभाष: 05964-226326, 228050
टोल फ्री: 1077

To Top