पिथौरागढ़: ग्राम प्रधान संगठन, विण पिथौरागढ़ ने ग्राम प्रधानों एवं ग्राम पंचायतों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर शासन-प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संगठन ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री उत्तराखंड शासन, देहरादून को एक ज्ञापन प्रेषित कर अपनी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि यदि शासन और प्रशासन ने ग्राम प्रधान संगठन की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक और ठोस निर्णय नहीं लिया, तो संगठन उग्र कदम उठाने को बाध्य होगा। रणनीति के तहत संगठन जनपद पिथौरागढ़ की प्रत्येक न्याय पंचायत से एक-एक ग्राम प्रधान को आगामी विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी के रूप में चुनावी मैदान में उतारेगा।
ग्राम प्रधानों का कहना है कि वे अपनी मांगों को पूर्व में भी शासन-प्रशासन के समक्ष रख चुके हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला है। संगठन ने मांग की है कि उनकी मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए शीघ्र आवश्यक कार्यवाही की जाए और संगठन के प्रतिनिधिमंडल के साथ शासन स्तर पर वार्ता का अवसर प्रदान किया जाए।