चम्पावत। राजकीय इंटर कॉलेज खेतीखान, जिला चम्पावत में हिन्दी प्रवक्ता के पद पर कार्यरत साहित्यकार कमला वेदी को उनके साहित्यिक योगदान, समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा एवं विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में उल्लेखनीय भूमिका के लिए ‘शिक्षक सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया है।
यह सम्मान अनवरत तीन बार विश्व कीर्तिमान बनाने वाली संस्था बुलंदी साहित्यिक सेवा समिति की ओर से प्रदान किया गया। सम्मान मिलने पर साहित्यिक एवं शैक्षणिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने कमला वेदी को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
मूल रूप से पिथौरागढ़ गणकोट की रहने वाली कमला वेदी का कर्मक्षेत्र चम्पावत रहा है। शिक्षा के क्षेत्र में अपनी जिम्मेदारियों के साथ-साथ उन्होंने साहित्य सृजन में भी निरंतर योगदान दिया है। उनकी अब तक छह पुस्तकें कुमाउनी एवं हिन्दी भाषा में प्रकाशित हो चुकी हैं।
वर्तमान में कमला वेदी ने बाल साहित्य लेखन को विशेष प्राथमिकता दी है। उनका मानना है कि बच्चे देश और समाज के उज्ज्वल भविष्य हैं तथा उनके भावनात्मक एवं मानसिक विकास के लिए गुणवत्तापूर्ण बाल साहित्य का सृजन बेहद आवश्यक है।
हाल ही में उनकी बाल कहानी संग्रह ‘मां की सीख’ विधा प्रकाशन से प्रकाशित हुई है। इसके अलावा वह विभिन्न साहित्यिक संस्थाओं एवं मंचों से जुड़कर निरंतर साहित्यिक गतिविधियों में सक्रिय योगदान दे रही हैं।
‘शिक्षक सम्मान-2026’ मिलने पर कमला वेदी ने बुलंदी साहित्यिक सेवा समिति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें शिक्षा और साहित्य के क्षेत्र में और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा।