पिथौरागढ़

उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन ने उठाया डिजिटल मीडिया की विज्ञापन दरों का मुद्दा

देहरादून। पत्रकार हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाते हुए उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन ने मंगलवार को डिजिटल मीडिया संस्थानों की विज्ञापन दरों का मामला सूचना विभाग के समक्ष रखा। यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष अरुण शर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी से मुलाकात कर न्यूज पोर्टल और वेबसाइटों को मिलने वाले विज्ञापनों की वर्तमान दरों में यथोचित वृद्धि किए जाने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि डिजिटल मीडिया के बढ़ते प्रभाव और संचालन लागत में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए वर्तमान विज्ञापन दरें अब व्यावहारिक नहीं रह गई हैं।

यूनियन की ओर से सूचना महानिदेशक को सौंपे गए पत्र में विभाग में विज्ञापन के लिए सूचीबद्ध न्यूज पोर्टल/वेबसाइटों के बैनर एवं वीडियो एड फिल्मों की निर्धारित दरों पर पुनर्विचार का अनुरोध किया गया। पत्र में कहा गया कि वर्तमान में प्रति बैनर/वीडियो फिल्म एड विज्ञापन की दर लगभग 1,200 रुपये प्रतिमाह निर्धारित है, जबकि कुल 7,200 रुपये प्रतिमाह की विज्ञापन दर तय है। यूनियन का कहना है कि डिजिटल मीडिया संचालन में सर्वर, तकनीकी रख-रखाव, स्टाफ, कंटेंट निर्माण, कैमरा, वीडियो एडिटिंग, वेबसाइट प्रबंधन और अन्य तकनीकी संसाधनों पर लगातार खर्च बढ़ रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  नाबालिग से शादी करने वाले अभियुक्त को पिथौरागढ़ पुलिस ने नोएडा (उत्तर प्रदेश) से किया गिरफ्तार

*सूचीबद्ध पोर्टलों को मिले सम्मानजनक विज्ञापन राशि, तभी मजबूत होगी डिजिटल पत्रकारिता = अरुण शर्मा*

यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष अरुण शर्मा ने कहा कि न्यूज पोर्टल और वेबसाइटें आज सूचना एवं समाचार के प्रसार का सशक्त माध्यम हैं। सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और जनहित से जुड़ी सूचनाओं को आम जनता तक पहुंचाने में डिजिटल मीडिया महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इसके बावजूद पोर्टलों के संचालन पर बढ़ते खर्च के अनुरूप विज्ञापन दरों में बदलाव नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि विभाग में सूचीबद्ध किए गए न्यूज पोर्टलों और वेबसाइटों को प्रतिमाह एक सम्मानजनक राशि का विज्ञापन उपलब्ध कराया जाना चाहिए, ताकि ये संस्थान आर्थिक रूप से मजबूत होकर नियमित और गुणवत्तापूर्ण पत्रकारिता को जारी रख सकें।

To Top