चंपावत। पॉजिटिव चेंज मेकर्स फाउंडेशन (PCM) द्वारा सरस्वती शिशु मंदिर, दुधपोखरा में कक्षा 6 से 12 तक के छात्र-छात्राओं हेतु मानसिक एवं सामाजिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मानसिक जागरूकता कार्यशाला के दौरान छात्र-छात्राओं को विशेषज्ञों द्वारा विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन एवं अध्यापकों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के तहत हेल्थ एंड हाइजीन विषय पर छात्र-छात्राओं को दैनिक जीवन में स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं सकारात्मक गतिविधियों के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने एवं जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता अभियान के तहत तनाव प्रबंधन, आत्मविश्वास बढ़ाने, सामाजिक सहभागिता एवं बेहतर जीवनशैली से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञों ने मार्गदर्शन दिया। विद्यार्थियों को होलिस्टिक हेल्थ (समग्र स्वास्थ्य) की अवधारणा समझाते हुए मानसिक, शारीरिक, भावनात्मक एवं सामाजिक स्वास्थ्य के महत्व की जानकारी दी गई।
फाउंडेशन द्वारा विद्यालय की शैक्षिक एवं व्यक्तित्व विकास गतिविधियों की सराहना करते हुए छात्रों को खेल, योग एवं रचनात्मक कार्यों में भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार एवं फाउंडेशन टीम ने छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं फाउंडेशन के सदस्य उपस्थित रहे।