खेतीखान। क्षेत्र की साहित्यकार एवं राजकीय इंटर कॉलेज खेतीखान में हिंदी प्रवक्ता कमला वेदी द्वारा लिखित बाल कहानी संग्रह ‘माँ की सीख’ का विद्यालय परिसर में समारोहपूर्वक विमोचन किया गया। कार्यक्रम विद्यालय के प्रधानाचार्य धीरज सिंह चौहान की अध्यक्षता एवं दिवाकर भट्ट के संचालन में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में संस्कृत प्रवक्ता विद्यासागर लोहनी ने पुस्तक की समीक्षा करते हुए कहा कि ‘माँ की सीख’ बाल पाठकों के लिए उपयोगी और प्रेरणादायक पुस्तक साबित होगी। उन्होंने कहा कि पुस्तक में बच्चों की रुचि को ध्यान में रखते हुए सरल एवं रोचक शैली में महत्वपूर्ण जीवन-मूल्यों को प्रस्तुत किया गया है।
लेखिका कमला वेदी ने बताया कि यह उनकी छठी पुस्तक है, जिसमें कुल 12 बाल कहानियों को शामिल किया गया है। इन कहानियों के माध्यम से बच्चों को नैतिक मूल्यों, संस्कारों, सदाचार और जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश सहज एवं रोचक ढंग से देने का प्रयास किया गया है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दिनेश चन्द्र पनेरू रहे। इस अवसर पर प्रवक्ता अर्जुन कुमार, संजना टम्टा, सरोज जोशी, नीलम राणा, आशा राणा, कविता ढेग, गुंजन सगटा, संदीप कलखुड़िया, जितेन्द्र कुमार, पचौरी एवं कैलाश जोशी सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने पुस्तक को बालोपयोगी बताते हुए लेखिका के साहित्यिक प्रयास की सराहना की।
5 सितंबर को मिला शिक्षक सम्मान
कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि 5 सितंबर को अंतरराष्ट्रीय साहित्यिक संस्था ‘बुलंदी’ द्वारा कमला वेदी को शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया गया। उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार एवं कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में छात्र रिसव देवपा, रवि, कुलदीप, गौरव सहित अन्य छात्र-छात्राएं भी मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि ‘माँ की सीख’ जैसी बाल साहित्य की पुस्तकें बच्चों में पढ़ने की रुचि विकसित करने के साथ-साथ उन्हें अच्छे संस्कार, सकारात्मक सोच और जीवन-मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कमला वेदी वर्तमान में राजकीय इंटर कॉलेज खेतीखान में हिंदी प्रवक्ता के रूप में अपनी सेवाएं दे रही हैं। जो जनपद पिथौरागढ़ के गणकोट गाँव की निवासी है उनकी इस उपलब्धि से गणकोट सहित पूरे जनपद में खुशी का माहौल है, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों द्वारा शुभकामनाएं प्रेरित की जा रही है।