रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग केदारनाथ धाम की यात्रा वर्ष 2026 में नए कीर्तिमान की ओर बढ़ रही है। अब तक 14 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। करीब ढाई महीने की यात्रा में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के धाम पहुंचने से इस वर्ष पिछले सभी रिकॉर्ड टूटने की संभावना जताई जा रही है।
मानसून शुरू होने के बाद यात्रियों की संख्या में कमी जरूर आई है, लेकिन बाबा केदार के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह बरकरार है। कुछ सप्ताह पहले जहां प्रतिदिन 20 हजार से अधिक श्रद्धालु धाम पहुंच रहे थे, वहीं वर्तमान में यह संख्या घटकर लगभग 1,500 प्रतिदिन रह गई है।
लगातार बारिश के कारण केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग पर कई स्थानों पर भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने संवेदनशील और डेंजर जोन में पुलिस, एसडीआरएफ तथा अन्य सुरक्षा बलों की तैनाती की है। सुरक्षा कर्मी यात्रियों को जोखिम वाले स्थानों पर सुरक्षित पार करा रहे हैं और पूरे यात्रा मार्ग पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
यात्रा अभी तीन महीने से अधिक समय तक जारी रहेगी। ऐसे में श्रद्धालुओं की संख्या में और बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। प्रशासन ने यात्रियों से मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करने तथा सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।