Sports

मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के तहत जिला स्तरीय चयन ट्रायल्स सम्पन्न, चयनित 300 खिलाड़ियों को मिलेगी छात्रवृत्ति

पिथौरागढ़: खेल नीति-2021 के अन्तर्ग मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के तहत जिला स्तरीय चयन ट्रायल्स के अन्तिम दिन आज शनिवार को 10-11 वर्ष बालक एवं 11-12 वर्ष बालक-बालिका वर्ग में एकसमान अंक प्राप्त 22 बालक-बालिका खिलाड़ियों के वरीयता निर्धारण हेतु पुनः चयन ट्रायल्स लिये गये तथा बराबर अंक प्राप्त अभ्यर्थियों द्वारा अपना स्थान सुनिश्चित करने हेतु जोर लगाया। इसी के साथ जिला स्तरीय चयन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूर्ण कर ली गयी है। आज के चयन ट्रायल्स का शुभारम्भ जिला युवा कल्याण अधिकारी धीरेन्द्र नाथ द्विवेदी एवं जिला खेल समन्वयक(प्रारम्भिक शिक्षा),  जितेन्द्र सिंह वल्दिया ने संयुक्त रूप से किया। 

जिला क्रीड़ा अधिकारी, पिथौरागढ़ प्रताप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सम्पूर्ण जिला स्तरीय चयन ट्रायल्स में 320 बालक एवं 311 बालिकाओं इस प्रकार कुल 631 खिलाड़ियों ने निर्धारित प्रतियोगी परीक्षा में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिसमें से वरीयता/श्रेष्ठ प्रदर्शन के आधार पर 150 बालक एवं 150 बालिका कुल 300 खिलाड़ियों का चयन छात्रवृत्ति हेतु किया जायेगा तथा चयनित प्रत्येक खिलाड़ी को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर रू0 1500/-की मासिक छात्रवृत्ति प्रदान की जायेगी।

चयन ट्रायल्स में जिला खेल समन्वयक(माध्यमिक) विक्रम सिंह दिगारी, भूपेन्द्र सिंह चौहान, अर्जुन कुमार, गौरव पन्त, मोहित बिष्ट, इन्द्रजीत सिंह सामन्त, जीवन सिंह खोलिया, चन्द्रमोहन सिंह बिष्ट, हीरा चन्द राजन, खेल विभाग के प्रशिक्षक नीरज सौन, चन्द्र सिंह धामी, मनोज रावत, मुकुल पाठक, विनय किशोर, चंचल सिंह, विशाल नगरकोटी, प्रकाश जंग थापा, राजेन्द्र सिंह धामी, निखिल महर, भूपेश बिष्ट, विशाल नगरकोटी, जर्नादन सिंह वल्दिया ने सहयोग दिया। जिला क्रीड़ाधिकारी प्रताप सिंह ने चयन ट्रायल्स के सफलतापूर्वक आयोजन के लिये जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग, चिकित्सा विभाग, युवा कल्याण विभाग, पुलिस विभाग, सभी न्याय पंचायतों, नगर पंचायतों, नगर पालिकाओं, खेल प्रशिक्षकों का आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।
To Top