पिथौरागढ़: महिला हितैषी ग्राम सभा लेलू में अन्तरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में विशेष खुली बैठक का आयोजन ग्राम प्रशासक रवीन्द्र सिंह की अध्यक्षता में अपरान्ह 3:00 बजे किया गया। बैठक में मुख्य अतिथि जिला विकास अधिकारी पिथौरागढ रमा गोस्वामी, विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत राज अधिकारी पिथौरागढ हरीश आर्या रहे। बैठक में थाना जाजरदेवल से उ0नि0 मीनाक्षी मनराल म0का0 अंकिता गनकोटिया द्वारा पंचायत घर लेलू में आयोजित बैठक में प्रतिभाग किया।
ग्राम पंचायत में उपस्थित महिलाओं को उपनिरीक्षक मीनाक्षी मनराल ने महिलाओं को महिला अपराधों व उनकी रोकथाम के सम्बन्ध में विस्तार से जानकारी दी गयी। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं व ग्रामीणों को किसी भी प्रकार की महिला सम्बन्धित अपराध, घरेलू हिंसा, छेड़खानी आदि की घटना होने पर हेल्पलाईन नम्बर 1090 या डायल 112 पर तुरन्त सूचना देने तथा नजदीकी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराने हेतु बताया।
डा0 भट्ट ने स्वास्थ्य के बारे में, सहायक विकास अधिकारी उद्यान ने महिलाओं को बागवानी की जानकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी रेखा सौन ने महिलाओं को पोषण की जानकारी दी। अजीम प्रेमजी फाउन्डेशन से जोशी, द डुअरस सोसायटी पिथौरागढ से सुमन देवी ने महिलाओं को तनाव प्रबन्धन के बारे में बताया। विशेष बैठक में रास्तों मे पानी भरने की समस्या, महिलाओं की सुरक्षा हेतु स्ट्रीट लाइट लगाने का प्रस्ताव पारित किया।
बैठक में ग्राम पंचायत लेलू का चयन महिला हितैषी ग्राम में होने पर हेमा पटियाल ग्राम पंचायत विकास अधिकारी को जिला विकास अधिकारी पिथौरागढ द्वारा स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ती , उप कार्यक्रम अधिकारी गोविन्दी बिष्ट ,एरिया कॉर्डिनेटर कमला पाण्डे को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में महिलाओ की कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता करायी गयी जिसमे विजेता 9 महिलाओं को सम्मानित किया। जिला विकास अधिकारी पिथौरागढ ने कार्यक्रम की सराहना करते हुये महिलाओं से ग्राम की बैठकों में प्रतिभाग करने की अपील की। जिला पंचायत राज अधिकारी पिथौरागढ ने पंचायत विकास सूचकांक के बारे में बताया। खण्ड विकास अधिकारी पिथौरागढ राजेंद्र अवस्थी ने सभी अधिकारियों, विभागीय कर्मचारियों व उपस्थित ग्रामीण महिलाओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अन्त में केक काटकर सबको बधाई दी गयी। कार्यक्रम में विकास खण्ड के समस्त ग्राम पंचायत विकास अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी, न्याय पंचायत स्तरीय कृषि अधिकारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम का संचालन सहायक विकास अधिकारी पंचायत दीपक कुमार ने किया।
