पिथौरागढ़

पिथौरागढ़ में बसपा ने SC मुद्दों पर सरकार को घेरा, बैकलॉग भर्ती और भूमिहीनों को जमीन देने की मांग

पिथौरागढ़। अनुसूचित जाति वर्ग से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर बहुजन समाज पार्टी बसपा की पिथौरागढ़ जिला इकाई ने आवाज बुलंद की है। बसपा जिलाध्यक्ष राजेश कुमार बबलू राज के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा। ज्ञापन में उत्तराखंड में अनुसूचित जाति के लोगों के हितों की रक्षा के साथ-साथ रोजगार, आरक्षण और भूमि से जुड़े मुद्दों पर सरकार से तत्काल कार्रवाई की मांग की गई।


बसपा ने आरोप लगाया कि प्रदेश के विभिन्न सरकारी विभागों में अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित अनेक पद लंबे समय से रिक्त पड़े हैं। इन पदों पर भर्ती नहीं होने के कारण बैकलॉग लगातार बढ़ रहा है। पार्टी ने सरकार से विशेष भर्ती अभियान चलाकर सभी रिक्त आरक्षित पदों को शीघ्र भरने की मांग की, ताकि अनुसूचित जाति के बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें।

यह भी पढ़ें 👉  सांसद अजय टम्टा ने विकास भवन सभागार में समीक्षा बैठक कर दिए आवश्यक दिशा निर्देश


ज्ञापन में अनुसूचित जाति के भूमिहीन परिवारों का सर्वेक्षण कराने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। बसपा नेताओं ने कहा कि प्रदेश में ऐसे परिवारों को चिह्नित किया जाए, जिनके पास कृषि अथवा अन्य प्रयोजन के लिए भूमि उपलब्ध नहीं है। पार्टी ने मांग की कि जो लोग लंबे समय से किसी भूमि पर काबिज हैं, उन्हें नियमानुसार मालिकाना हक दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जाए। वहीं, पूरी तरह भूमिहीन परिवारों को 5 से 10 नाली तक कृषि भूमि आवंटित किए जाने की मांग की गई, जिससे वे कृषि कार्य के जरिए अपनी आजीविका चला सकें।

यह भी पढ़ें 👉  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आज जनपद पिथौरागढ़ दौरा शरदोत्सव मेले का सीएम करेंगे शुभारंभ


बसपा नेताओं ने कहा कि उत्तराखंड एक पहाड़ी राज्य है, जहां रोजगार के साधन सीमित हैं। इसके अलावा प्राकृतिक आपदाओं के कारण गरीब और कमजोर वर्ग के परिवारों के सामने आर्थिक संकट भी उत्पन्न होता रहता है। ऐसे में अनुसूचित जाति के बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने तथा भूमिहीन परिवारों को भूमि मुहैया कराने के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है। ज्ञापन के माध्यम से बसपा ने प्रदेश सरकार से अनुसूचित जाति वर्ग के आरक्षित रिक्त पदों को भरने, भूमिहीन परिवारों का सर्वे कराने, पात्र लोगों को भूमि का अधिकार दिलाने तथा भूमिहीन परिवारों को कृषि भूमि उपलब्ध कराने की मांग की है।

To Top