क्षेत्र पंचायत पिथौरागढ़ की आगामी बैठक दिनांक 02 जुलाई 2026 (गुरुवार) को प्रातः 11:00 बजे विकास खंड सभागार विण पिथौरागढ़ में क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष की अध्यक्षता में आयोजित की जाएगी। बैठक में क्षेत्र पंचायत सदस्यों सहित जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा प्रतिभाग किया जाएगा।
बैठक में जनपद के विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास योजनाओं, निर्माण कार्यों तथा जनहित से जुड़े विषयों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। साथ ही क्षेत्र पंचायत सदस्यों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित समस्याओं एवं सुझावों को भी बैठक में रखा जाएगा, जिन पर संबंधित विभागीय अधिकारियों द्वारा आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक के एजेंडे में जल निगम, जल संस्थान एवं स्वजल विभाग की पेयजल योजनाओं, लोक निर्माण विभाग की सड़क एवं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, लघु सिंचाई, सिंचाई एवं ग्रामीण निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा शामिल है। इसके अतिरिक्त बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत, उद्यान, सहकारिता, कृषि, भूमि संरक्षण तथा जलागम विभागों की प्रगति पर भी चर्चा की जाएगी।
बैठक में समाज कल्याण, युवा कल्याण, वन विभाग, पशुपालन, पर्यटन, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, उद्योग, उरेडा, बाल विकास, दुग्ध विकास एवं मत्स्य विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की भी समीक्षा की जाएगी। साथ ही ग्राम्य विकास एवं पंचायतीराज विभागों के कार्यों पर चर्चा एवं विचार-विमर्श किया जाएगा।
खंड विकास अधिकारी पिथौरागढ़ ने सभी क्षेत्र पंचायत सदस्यों एवं संबंधित अधिकारियों से बैठक में समय से उपस्थित होकर विकास कार्यों एवं जनहित के मुद्दों पर प्रभावी चर्चा सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि बैठक के माध्यम से विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा कर योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन तथा क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।