पिथौरागढ़: मीडिया सैल से प्राप्त सूचना के अनुसार दिनांक 11.10.2026 को वरड बैंड–बेरीनाग मार्ग पर स्कूटी सवार दो युवक बरसाती नाले के तेज बहाव में बह गए। घटना में गौरव कुमार उम्र 18 वर्ष, पुत्र गिरीश राम, निवासी नैनोली, पोस्ट भागल, थाना सोमेश्वर, जनपद अल्मोड़ा सुरक्षित बच गया, जबकि स्कूटी चला रहे हिमांशु नयाल उम्र 19 वर्ष, पुत्र शिवपाल सिंह नयाल, निवासी ग्राम तिलोरा, पोस्ट भागल, थाना सोमेश्वर, जनपद अल्मोड़ा तेज बहाव में लापता हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष थल गणेश दत्त भट्ट के नेतृत्व में थाना थल पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए SDRF की टीम को मौके पर बुलाया। पुलिस एवं SDRF की टीम द्वारा लापता युवक की तलाश में सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाया गया। घटनास्थल के पास बरसाती नाले में पत्थरों के बीच स्कूटी क्षतिग्रस्त अवस्था में बरामद हुई।
क्षेत्र में लगातार बारिश एवं अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद पुलिस एवं SDRF की टीम ने लगातार प्रयास जारी रखे।
रेस्क्यू टीम द्वारा लापता युवक हिमांशु नयाल को बरामद कर लिया गया, लेकिन दुर्भाग्यवश उसकी मृत्यु हो चुकी थी। पुलिस द्वारा शव का पंचायतनामा भरने सहित अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



