पिथौरागढ़। ग्राम बालाकोट के खोरसिंग गांव में देर रात अराजक तत्वों ने PRD जवान मनोज कुमार की मोटरसाइकिल को आग के हवाले कर दिया। आगजनी की इस घटना में मोटरसाइकिल पूरी तरह जलकर खाक हो गई। सुबह ड्यूटी के लिए निकलने पर जवान को घटना की जानकारी हुई।
जानकारी के मुताबिक मनोज कुमार ने अपनी मोटरसाइकिल घर से करीब 50 मीटर ऊपर खड़ी की थी। रात के समय अज्ञात लोगों ने मोटरसाइकिल में आग लगा दी। देर रात हुई इस घटना की भनक किसी को नहीं लगी। शुक्रवार सुबह जब मनोज कुमार ड्यूटी के लिए घर से निकले तो मोटरसाइकिल जली हुई हालत में मिली।
रात के समय बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से चिंता
क्षेत्रवासियों का कहना है कि इन क्षेत्रों में रात के समय आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात के समय क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि ऐसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
ग्रामीणों ने मांग की है कि मोटरसाइकिल में आग लगाने वाले लोगों की शीघ्र पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं को अंजाम देने वाले अराजक तत्वों पर सख्ती जरूरी है, जिससे भविष्य में इस प्रकार की वारदातों की पुनरावृत्ति न हो।
फिलहाल आगजनी की घटना को अंजाम देने वाले लोगों की पहचान नहीं हो पाई है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर जल्द ही आरोपियों तक पहुंचेगी। क्षेत्रवासियों ने पुलिस प्रशासन से रात के समय गश्त बढ़ाने के साथ ही घटना का जल्द खुलासा कर आगजनी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।