डीडीहाट। उत्तराखंड क्रांति दल अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ के कुमाऊं मंडल अध्यक्ष एवं राज्य निर्माण सेनानी दिनेश गुरु रानी का अनूठा पौधा रोपण अभियान सोमवार को 700वें दिन भी निरंतर जारी रहा। अभियान के 700वें दिन की शुरुआत गुरु रानी भवन परिसर, डीडीहाट में उनके स्वर्गीय पिता तारादत्त गुरु रानी की स्मृति में पौधा रोपित कर की गई।
दिनेश गुरु रानी ने बताया कि इस अभियान की शुरुआत 3 जुलाई 2024 को कुमाऊं एवं गढ़वाल मंडल विकास निगम में लंबे समय से कार्यरत संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण की मांग को लेकर की गई थी। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की मांगों को लेकर शुरू हुआ यह पौधारोपण आंदोलन आज एक जन-अभियान का रूप ले चुका है और इसका नाम इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में भी दर्ज हो चुका है।
उन्होंने बताया कि 3 जुलाई 2024 से अब तक उनके द्वारा एक लाख से अधिक पौधों का रोपण किया जा चुका है तथा बड़ी संख्या में लोगों को हिमालय बचाओ अभियान से जोड़ा गया है। गुरुरानी ने कहा कि वर्ष 2005 से अब तक कैलाश मानसरोवर यात्रियों, पर्यटकों, सामाजिक आंदोलनों, जन्मदिन, सालगिरह, विवाह समारोह एवं अन्य अवसरों पर पूरे उत्तराखंड में चार लाख से अधिक पौधों का रोपण किया जा चुका है। इसके साथ ही छह लाख से अधिक लोगों को हिमालय संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई है।
उन्होंने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून से 21 जून 2026 तक वृहद स्तर पर पौधारोपण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को डीडीहाट के बंदरलीमा, खिरचना दुर्गा मंदिर परिसर एवं गंगनाथ मंदिर परिसर में भी पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर मंदिर के पुजारी चंचल सिंह खोलिया, नवीन सिंह खोलिया, सामाजिक कार्यकर्ता प्रदीप कन्याल, दीप चंद्र जोशी, देवेंद्र सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।