नैनीताल

जिला सूचना अधिकारी गिरजा शंकर जोशी के आकस्मिक निधन से शोक की लहर, पत्रकारों ने जताया गहरा दुःख

नैनीताल। नैनीताल जनपद के जिला सूचना अधिकारी एवं हल्द्वानी मीडिया सेंटर के प्रभारी गिरजा शंकर जोशी का शनिवार को आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन का समाचार मिलते ही सूचना विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों सहित पिथौरागढ़, चंपावत और नैनीताल जनपद के पत्रकारों में शोक की लहर दौड़ गई।

गिरजा शंकर जोशी मूल रूप से पिथौरागढ़ जनपद के गंगोलीहाट तहसील के पोखरी गांव के रहने वाले थे। उन्होंने इससे पूर्व पिथौरागढ़ और चंपावत जनपद में जिला सूचना अधिकारी के पद पर अपनी सेवाएं दी थीं। वर्तमान में वह नैनीताल जनपद में जिला सूचना अधिकारी के साथ ही हल्द्वानी मीडिया सेंटर के प्रभारी के रूप में कार्यरत थे।

यह भी पढ़ें 👉  ‘विकास भी, विरासत भी’ के मंत्र को साकार करेगी नई AI पर्यटन पहल: राज्यपाल

गिरजा शंकर जोशी अपने बेहद मिलनसार, सरल और सहज व्यवहार के लिए जाने जाते थे। अधिकारियों और पत्रकारों के साथ उनका आत्मीय संबंध रहा। वह कर्मठ अधिकारी होने के साथ-साथ जरूरत के समय लोगों की मदद के लिए हमेशा तत्पर रहते थे। पत्रकारों की समस्याओं को सुनना और उनके स्तर से हरसंभव सहयोग करना उनके स्वभाव का हिस्सा था। उनके आकस्मिक निधन से पत्रकारिता और सूचना विभाग से जुड़े लोगों ने एक मृदुभाषी, सहयोगी और मददगार अधिकारी को खो दिया है। पत्रकारों सहित आम जनमानस का कहना है की गिरजा शंकर जोशी का जाना उत्तराखंड राज्य के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है, जो अधिकारी अपने पद ही नहीं बल्कि अपने कुशल व्यवहार से जाना जाता था। इनके आकस्मिक निधन से पत्रकारिता स्तब्ध है, इनसे जुड़े लोगों को उनके निधन की खबर मिलने के बाद भी उन्हें चाहने वाले लोगों को उनके जाने का विश्वास नहीं हो रहा सोशल मीडिया में श्रदांजली देने वालों की होड़ लगी है। उनके निधन की खबर से पिथौरागढ़ में भी शोक की लहर है। उनके साथ कार्य कर चुके पत्रकार और सूचना विभाग से जुड़े लोग उनके मिलनसार व्यक्तित्व और सहयोगी स्वभाव को याद कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

यह भी पढ़ें 👉  मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के तहत जिला स्तरीय चयन ट्रायल्स सम्पन्न, चयनित 300 खिलाड़ियों को मिलेगी छात्रवृत्ति

मुख्यमंत्री ने जताया गहरा दुःख

नैनीताल के जिला सूचना अधिकारी गिरजा शंकर जोशी के आकस्मिक निधन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

यह भी पढ़ें 👉  परिवार मिलन कार्यक्रम में राज्यपाल ने सम्मानित किए लोक भवन के अधिकारी और कर्मचारी

वहीं, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने भी जिला सूचना अधिकारी गिरजा शंकर जोशी के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। गिरजा शंकर जोशी के निधन को सूचना विभाग और पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुःख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

To Top