हल्द्वानी– प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कृषि एवं कृषक कल्याण, सैनिक कल्याण और ग्राम्य विकास मंत्री उत्तराखंड गणेश जोशी द्वारा उपनल कार्यालय हल्द्वानी में मीडिया से वार्ता करते हुए अवगत कराया कि दिनांक 10 सितम्बर, 2026 को पूर्वाह्न 11:00 बजे हल्द्वानी (वाटिका गार्डन) में
भारतीय सैन्य बलों एवं अर्द्धसैनिक बलों के गौरव सेनानियों के मिलन समारोह का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उत्तराखण्ड एक सैनिक बहुल क्षेत्र है और इस मिलन समारोह में लगभग 5000 पूर्व सैनानियों के आने का लक्ष्य रखा गया है। इस अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन किया जायेगा।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा प्रदेश में वीरता पदक पाने वाले सभी पूर्व सैनिकों / वीर नारियों को दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि को बढ़ाया गया है। शहीद होने वाले वीर सैनिकों की विधवाओं को मिलने वाली शहीद अनुदान राशि को रू. 10 लाख से बढ़ाकर रू. 50 लाख किया गया है। शहीद के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जायेगी। अभी तक 28 शहीद परिवारों के सदस्यों को नौकरी दी जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य के लिये यह बड़े गौरव का विषय है कि देश के प्रथम NSA अजीत डोभाल , प्रथम CDS स्व० बिपिन रावत, द्वितीय CDS अनिल चौहान इस प्रदेश से हैं और तृतीय CDS भी गढ़वाल रेजिमेंट से सम्बन्धित हैं।
सैनिक कल्याण मंत्री ने कहा कि देहरादून में विशाल सैन्य धाम का निर्माण किया गया है, जो लगभग अक्टूबर माह में जनता को समर्पित किया जायेगा। शहीदों की वीरता के व्याख्यान के लिये सैन्य धाम में 1734 शहीद परिवारों के आंगन की मिट्टी व 28 नदियों का जल लाया गया है। परिसर में बाबा जसवन्त सिंह और बाबा हरभजन सिंह का मंदिर भी बनाया गया है तथा वीरता के व्याख्यान हेतु लाइट एण्ड साउण्ड शो का आयोजन भी किया जायेगा। यह सैन्य धाम चारों धाम के दर्शन को आने वाले पर्यटकों को विशेष रूप से आकर्षित करेगा।
उन्होंने कहा कि सरकार सीमा पर शहीद होने वाले वीर सैनिकों के पैतृक गाँव में शहीद के नाम पर रोड एवं स्कूल का नाम रखने एवं शहीद की मूर्ति स्थापित करने का कार्य तत्परता से कर रही है। इस दौरान दर्जा राज्य मंत्री ध्रुव रौतेला एवं क्षेत्रीय परियोजना अधिकारी ले० कर्नल गोविन्द सिंह कन्याल (अ०प्रा०) उपस्थित रहे।