कनालीछीना: विकास खंड कनालीछीना के ग्राम प्रधानों ने वीबी जी राम जी (विकसित भारत-जी राम जी) योजना में भूमि सुधार एवं सुरक्षा दीवार निर्माण कार्यों को शामिल किए जाने की मांग उठाई है। इस संबंध में ग्राम प्रधान संगठन कनालीछीना के बैनर तले खंड विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया।

प्रधानों ने कहा वर्तमान में वीबी जी राम जी (विकसित भारत-जी राम जी) योजना के अंतर्गत भूमि सुधार एवं सुरक्षा दीवार निर्माण कार्य अनुमन्य नहीं हैं, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में अधिकांश कृषि भूमि सीढ़ीनुमा एवं असमतल है। पूर्व में मनरेगा के तहत भूमि सुधार कार्य किए जाते थे, जिससे किसानों को लाभ मिलता था। इसके अलावा पहाड़ी क्षेत्रों में वर्षा एवं भूस्खलन से मकानों और खेतों की सुरक्षा के लिए सुरक्षा दीवारों का निर्माण भी अत्यंत आवश्यक है।
ग्राम प्रधानों ने मांग की है कि योजना में निम्न कार्यों को शामिल किया जाए—
व्यक्तिगत भूमि सुधार कार्य।
आवासीय मकानों के आगे सुरक्षा दीवार निर्माण।
प्रधानों का कहना है कि इन कार्यों को योजना में शामिल किए जाने से ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा तथा कृषि और आवासीय सुरक्षा को मजबूती मिलेगी। उन्होंने शासन स्तर पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए इन मांगों को योजना में सम्मिलित करने की मांग की है।
ज्ञापन देने में ग्राम प्रधान संगठन कनालीछीना सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रधानों मौजूद हैं।