डीडीहाट, पिथौरागढ़। पर्यटक आवास गृह डीडीहाट में आदि कैलाश यात्रा से वापस लौट रहे यात्रियों के दल को पौधारोपण अभियान के 693वें दिन हिमालय संरक्षण का संदेश दिया गया। कुमाऊं मंडल विकास निगम के पूर्व प्रबंधक एवं राज्य निर्माण सेनानी दिनेश गुरु रानी ने यात्रियों को हिमालय बचाओ अभियान से जोड़ते हुए पर्यावरण संरक्षण एवं पौधारोपण की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर यात्रियों को पर्यटक आवास गृह चौकोड़ी में पौधारोपण के लिए पौधे भी वितरित किए गए। यात्रियों ने दिनेश गुरु रानी द्वारा संचालित हिमालय बचाओ अभियान की सराहना करते हुए कहा कि आदि कैलाश यात्रा पूर्ण करने के बाद वे अपने-अपने घरों में भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में योगदान देंगे।
यात्री दल के स्वागत में प्रबंधक मनोज कुमार, बलवंत सिंह बबलू, हर सिंह, गजेंद्र धामी, ललित कुमार, त्रिभुवन तथा कोऑर्डिनेटर प्रकाश चंद्र सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। बताया गया कि यात्रा दल में कुल 32 यात्री शामिल हैं। डीडीहाट में भोजन करने के उपरांत यात्री दल चौकोड़ी के लिए रवाना हो गया।