धारचूला : केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने बुधवार को धारचूला स्थित भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं एवं सीमा प्रबंधन का निरीक्षण किया। सुबह करीब 11:30 बजे सेना हेलीपैड धारचूला पहुंचने पर वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
इस दौरान आईजी अमित कुमार, उप महानिरीक्षक सुधांशु नौटियाल, पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ अक्षय कोंडे, अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह सहित कई प्रशासनिक एवं सुरक्षा अधिकारी मौजूद रहे। उनके साथ आईटीबीपी के आईजी मनु महाराज भी उपस्थित थे।
गृह राज्य मंत्री ने काली नदी पर बने इंडो-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा के धारचूला झूला पुल का निरीक्षण किया। इस अवसर पर 11वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल डीडीहाट के कमांडेंट डॉ. अतुल कुमार राय, उपजिलाधिकारी धारचूला आशीष जोशी एवं सहायक कमांडेंट दीपक सापकले ने उनका स्वागत किया।
निरीक्षण के दौरान सशस्त्र सीमा बल की ओर से क्षेत्राधिकार (AoR), बॉर्डर इंटरैक्शन टीम (BIT) की कार्यप्रणाली तथा सीमा क्षेत्र में किए जा रहे सुरक्षा प्रबंधन कार्यों की विस्तृत ऑपरेशनल ब्रीफिंग प्रस्तुत की गई।
इसके बाद गृह राज्य मंत्री ने बीओपी धारचूला पहुंचकर सीमा पर तैनात जवानों से संवाद किया। उन्होंने जवानों की कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं कठिन परिस्थितियों में राष्ट्र सुरक्षा के प्रति समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों में तैनात सुरक्षा बल देश की पहली सुरक्षा पंक्ति हैं और उनका योगदान पूरे राष्ट्र के लिए प्रेरणादायी है।
सुरक्षा समीक्षा एवं संवाद कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। दौरे की स्मृति में गृह राज्य मंत्री ने बीओपी धारचूला परिसर में चंदन का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
दौरे के बाद गृह राज्य मंत्री लगभग 12:45 बजे हेलीपैड के लिए रवाना हो गए। उनका यह दौरा सीमांत क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा और जवानों का मनोबल बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।