पिथौरागढ़:
उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के पावन अवसर पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने पिथौरागढ़ के वरदानी पार्क में “हर गांव का यही पैगाम–एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में सहभागिता की। कुमाऊं रेजीमेंट की 130 इन्फैंट्री बटालियन (टीए) द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि हरेला उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है, जो प्रकृति के प्रति प्रेम, संवेदनशीलता और संरक्षण की प्रेरणा देता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का संकल्प ले। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित पर्यावरण देना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के उपरांत रेखा आर्या ने पर्यावरण पार्क में भी विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन और हरित उत्तराखंड के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, जिलाधिकारी आशीष भटगांई, मेयर कल्पना देवलाल, गणेश जोशी, दीपिका बोहरा, इंदर लुंठी, दीपक लोहिया, आशुतोष सिंह, कर्नल गौरव नेगी, अक्षय प्रहलाद कोंडे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सैन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने प्रदेशवासियों को लोकपर्व हरेला की शुभकामनाएं देते हुए अधिक से अधिक पौधारोपण और पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।