पिथौरागढ़। 55वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) में शनिवार को सेवाकाल पूर्ण करने वाले तीन अधिकारियों के सम्मान में गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया। कमांडेंट महेंद्र प्रताप की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में उप निरीक्षक ब्रजपाल सिंह कुशवाहा, उप निरीक्षक उत्तम सिंह कोरंगा और सहायक उप निरीक्षक रुसमिंदर सिंह को उनके दीर्घ एवं उत्कृष्ट सेवाकाल के लिए सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान ब्रजपाल सिंह कुशवाहा और उत्तम सिंह कोरंगा को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए महानिदेशक, एसएसबी द्वारा प्रदान किए गए DG Disc एवं प्रशस्ति-पत्र से भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कमांडेंट महेंद्र प्रताप ने कहा कि तीनों अधिकारियों ने कठिन परिस्थितियों में निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ राष्ट्र एवं संगठन की सेवा कर प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है।
कार्यक्रम में अधिकारियों और जवानों ने सेवानिवृत्त कार्मिकों के साथ अपने अनुभव साझा किए तथा उन्हें स्मृति-चिह्न और सम्मान-उपहार भेंट किए गए। सेवानिवृत्त अधिकारियों ने भी वाहिनी परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए एसएसबी में बिताए सेवाकाल को अपने जीवन की सबसे गौरवपूर्ण उपलब्धियों में से एक बताया। समारोह के अंत में सभी ने उनके स्वस्थ, सुखद और दीर्घ जीवन की कामना की।