पिथौरागढ़– जनपद में अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने और बेहतर पुलिसिंग के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे ने मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की। पुलिस कार्यालय में आयोजित इस बैठक में आगामी धनतेरस एवं दीपावली पर्व को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में एसपी ने जनपद के सभी थाना, चौकी एवं शाखा प्रभारियों के साथ कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं, डिजिटल पुलिसिंग और जनशिकायतों के निस्तारण की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में अधिकारियों को पुलिस कार्यप्रणाली में सुधार लाने और आम जनता की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सड़क पर अतिक्रमण करने वालों को पहले नोटिस, फिर मुकदमा
एसपी ने सड़कों पर अतिक्रमण कर यातायात व्यवस्था बाधित करने वाले हार्डवेयर दुकानदारों, वर्कशॉप संचालकों, मैकेनिक, बारात घरों और अन्य प्रतिष्ठानों को चिह्नित करने के निर्देश दिए। ऐसे प्रतिष्ठानों को पहली बार नोटिस जारी किया जाएगा। इसके बावजूद दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
नो-पार्किंग और सड़क पर निर्माण सामग्री डालने वालों की खैर नहीं
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए नो-पार्किंग में वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया। इसके साथ ही सड़क पर भवन निर्माण सामग्री डालकर आवागमन बाधित करने वालों पर भी पुलिस सख्ती करेगी।
धनतेरस और दीपावली पर बाजारों में तैनात रहेगा अतिरिक्त पुलिस बल
आगामी धनतेरस एवं दीपावली पर्व के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने, किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।
बैठक में सीओ पिथौरागढ़ गोविन्द बल्लभ जोशी सहित जनपद के समस्त थाना, चौकी एवं शाखा प्रभारी मौजूद रहे। कुछ अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी बैठक में प्रतिभाग किया।



